खबर रोहतास जिले नोखा थाना क्षेत्र की है जहाँ मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मठिया–नोखा पथ पर नेकनाम टोला के पास हुआ, जहां एक ऑटो और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नोखा की ओर आ रहा ऑटो सामने से आ रही बाइक से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पलट गयी बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उसी दौरान वहां से गुजर रही एक बस को रोककर स्थानीय लोगों और यात्रियों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर तुरंत नोखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
डॉक्टर सतीश कुमार ने जांच के बाद मिल्की गांव निवासी लाल बाबू राम को मृत घोषित कर दिया। वहीं खैरही गांव के अंकुश कुमार,मनतोष कुमार और अनिता देवी गंभीर रूप से घायल पाए गए। अंकुश कुमार और अनिता देवी की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, ऑटो पलटने के बाद लाल बाबू राम पानी और कीचड़ में दब गए थे। लोगों ने उन्हें निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि पानी में डूबने से उनकी जान गई।
हादसे की सूचना के बावजूद पुलिस के करीब एक घंटे बाद पहुंचने से लोगों में आक्रोश देखा गया। हालांकि नोखा थाना के थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को भी जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
11