इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के मोतिहारी जिले से सामने आ रही है जहां पुलिस और अपराधियों के बीच बीती रात मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 2 कुख्यात अपराधी मारा गया है वही एक एसटीएफ का जवान भी शहीद हो गया है। बताया जा रहा है कि अपराधियों और एसटीएफ की मुठभेड़ आधी रात में हुई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक कारबाइन, दो पिस्टल, दो कट्टा समेत बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। साथ ही पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
आपको बता दे कि यह घटना चकिया थाना क्षेत्र के गवेन्द्री पंचायत के सिहोरवा मठ गांव की बताई जा रही है। शहीद जवान की पहचान श्रीराम यादव के रूप में हुई है। वहीं, मारे गए अपराधियों की पहचान कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के रूप में की गई है। दोनों पर आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज थे।
मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ से एक दिन पहले यानी 15 मार्च को दोनों अपराधियों ने नेपाल के नंबर से चकिया थाने के एडीसनल एसएचओ को फोन कर धमकी दी थी। उन्होंने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि जल्द ही बड़े स्तर पर पुलिसकर्मियों की हत्या की खबर सामने आएगी और वे पूरे शहर को अपनी “गुंडई” दिखाएंगे। धमकी के बाद पुलिस ने कॉल ट्रेस कर लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रामडीहा गांव में घेराबंदी की। पुलिस टीम के पहुंचते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस और अपराधियो के बीच हुई इस मुठभेड़र में दोनों अपराधी मारे गए, जबकि उनके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान एक एसटीएफ का जवान श्रीराम यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी और एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि धमकी के बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान अपराधियों ने हमला कर दिया, जिसमें एक जवान शहीद हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
720
