छोटा और संतुलित परिवार ही स्वस्थ समाज की आधारशिला: डॉ. रमेश चंद्रा

Live News 24x7
4 Min Read
  • मिशन परिवार विकास के अंतर्गत यूपीएचसी उतरवारी पोखरा में जागरुकता सह स्वास्थ्य मेला का आयोजन
  • जिले में 20 मार्च तक चलेगा मिशन परिवार विकास अभियान
  • घर-घर जाकर आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों की जानकारी देंगी आशा कार्यकर्ता
बेतिया। जिले में परिवार नयोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिशन परिवार विकास अभियान के तहत यूपीएचसी उतरवारी पोखरा में जागरुकता सह स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एसीएमओ डॉ. रमेश चंद्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, स्वास्थ्यकर्मी तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसीएमओ डॉ. रमेश चंद्रा ने कहा कि छोटा और संतुलित परिवार स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन अपनाने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आती है तथा परिवार का आर्थिक और सामाजिक विकास भी बेहतर ढंग से सभंव हो पाता है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि वे गांव गांव जाकर योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के स्थाई एवं अस्थाई साधनों के बारे में जागरूक करें।
इस अवसर पर एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र में योग्य दंपतियों से संपर्क कर उन्हें परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों का जानकारी देने का निर्देश दिया गया। अस्थाई साधनों के रूप में कंडोम, माला-एन और छाया गोली का वितरण किया जाएगा। वहीं जरूरतमंद लाभार्थियों को अंतरा (एमपीए) इंजेक्शन, इंप्लांट और कॉपर-टी जैसी आधुनिक गर्भनिरोधक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त जो दंपति स्थाई साधन अपनाना चाहते है, उन्हें महिला बंध्याकरण और पुरुष नसबंदी के लिए प्रखंड एवं जिला अस्पताल तक लाने की जिम्मेदारी भी आशा कार्यकर्ताओं को दी गई है।
विदित हो कि मिशन परिवार विकास अभियान जिले में 6 मार्च से 20 मार्च तक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाकर योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को लक्षित कार्य भी सौंपे गए है। प्रत्येक एएनएम को 10 पीपीआईयूसीडी/आईयूसीडी तथा अंतरा (एमपीए) सेवाएं सुनिश्चित करनी होगी। वहीं प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में  कम से कम 5 महिला बंध्याकरण, 2 पुरुष नसबंदी, 5 अंतरा (एमपीए) तथा 5 पीपीआईयूसीडी/आईयूसीडी सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया है।
अभियान को सफल बनाने के लिए अन्य विभागों और संस्थाओं का भी सहयोग लिया जा रहा है। बाल विकास परयोजना, विकास मित्र, नेहरू युवा केंद्र तथा जीविका समूह को भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक परिवार नियोजन की जानकारी पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भ्रांतियों को दूर करना तथा स्वस्थ और खुशहाल परिवार के निर्माण में जनभागीदारी को सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे परिवार नियोजन के सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर अपने परिवार और समाज के बेहतर भविष्य में योगदान दें।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. रमेश चंद्रा, एमओआईसी डॉ. बीरेंद्र कुमार, एमओ डॉ. अभजीत कुमार, बीएचएम रिंकी कुमारी, बीसीएम समीर आलम, जिला स्तर के अन्य अधिकारी तथा पीएसआई इंडिया और पीरामल फाउंडेशन के अधिकारी उपस्थित रहे।
5
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *