खबर बिहार के वैशाली जिले की है जहां वैशाली जिले के सदर अस्पताल परिसर में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बच्चा चोरी का झूठा आरोप लगाकर भीड़ ने एक महिला को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सनक भरी भीड़ ने कानून को हाथ में लेते हुए महिला पर हमला बोल दिया, जिससे मौके पर भारी तनाव पैदा हो गया। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार और डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुँचकर महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित थाने ले गई।
घटना के अनुसार, सराय थाना क्षेत्र के बलिराम सिंह की पत्नी इंदु देवी सदर अस्पताल में अपना इलाज कराने ओपीडी आई थीं। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान उन्होंने पास खड़े एक बच्चे के सिर पर हाथ फेर दिया। बस इसी बात पर बच्चे के परिजनों ने श्बच्चा चोरीश् का शोर मचा दिया। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने शुरुआती पूछताछ के बाद मामले को शांत करा दिया था, लेकिन जैसे ही महिला अस्पताल परिसर से बाहर निकली, बाहर खड़ी भीड़ ने उन पर हमला कर दिया।
सड़क पर सैकड़ों की संख्या में जुटे महिला-पुरुषों ने इंदु देवी को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। लोग इतने उग्र थे कि महिला की गुहार सुनने को कोई तैयार नहीं था। पुलिस की समय पर एंट्री ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। पूछताछ के दौरान पीड़ित महिला ने रोते हुए बताया कि वह सिर्फ अपने इलाज के लिए अस्पताल आई थी और उसे बिना किसी कसूर के निशाना बनाया गया।
नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शुरुआती जांच में बच्चा चोरी का आरोप पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद पाया गया है। पुलिस अब अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि सच सामने आ सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाकर कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध स्थिति में खुद फैसला न करें और पुलिस को सूचना दें। फिलहाल, पीड़ित महिला पुलिस की सुरक्षा में है और दोषियों की पहचान की जा रही है जिन्होंने भीड़ को उकसाया और महिला की पिटाई की।
22