अशोक वर्मा
अरेराज : जिला कांग्रेस अध्यक्ष ई० शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय जी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का पुतला दहन कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया। यह आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र में हुई दिल दहला देने वाली घटना के खिलाफ था, जिसमें एक नौ वर्षीय दलित बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसका गला रेत कर हत्या का प्रयास किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ई० शशिभूषण राय ने कहा कि यह घटना न केवल मानवता को शर्मसार करने वाली है, बल्कि बिहार की कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य तंत्र की पूरी विफलता को उजागर करती है। बच्ची की हालत गंभीर होने के बावजूद उसे पहले एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर ले जाया गया, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपलब्धता रही। फिर पटना एम्स भेजा गया, वहाँ भी विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं थे। अंततः पीएमसीएच रेफर किया गया, जहाँ भर्ती प्रक्रिया में लगभग पाँच घंटे की देरी हुई। इलाज के दौरान आज सुबह उस मासूम बच्ची की मृत्यु हो गई।
ई० राय ने कहा कि यह घटनाक्रम दिखाता है कि बिहार में न तो महिलाओं-बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित है, न ही पीड़ितों को समय पर समुचित इलाज मिल पा रहा है। यह राज्य सरकार की घोर लापरवाही और असंवेदनशीलता का प्रमाण है।
कांग्रेस पार्टी इस घटना की कड़ी निंदा करती है और मांग करती है कि:
• दोषियों को त्वरित न्याय दिलाते हुए फांसी की सजा दी जाए।
• पीड़ित परिवार को ₹50 लाख मुआवजा एवं सरकारी नौकरी दी जाए।
• सभी सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की स्थायी नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
• दलित एवं पिछड़े वर्गों की सुरक्षा हेतु विशेष कानून की व्यवस्था की जाए।
यदि राज्य सरकार शीघ्र कोई ठोस कदम नहीं उठाती है, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में आंदोलन करेगी और सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठाएगी।
मौके पर जिला युवा प्रभारी ओमप्रकाश कुशवाहा जिला परिषद सदस्य पप्पूरंजन मिश्रा, विजय कुमार जायसवाल, रूमा खां,प्रखंड अध्यक्ष बजेन्द्र तिवारी, रविन्द्र तिवारी, प्रिंस मिश्रा, पप्पू मिश्रा, मुन्ना मिश्रा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहें।
137
