बेतिया में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में सेक्स रैकेट चल रहा था। पुलिस की टीम ने शुक्रवार की सुबह 4 बजे सेक्स रैकेट के ठिकानों पर छापेमारी की तो बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस टीम ने 16 नाबालिग लड़कियों का रेस्क्यू किया।
इसमें दो लड़कियों की मां ने 10 और 5 हजार में ऑर्केस्ट्रा संचालक को बेच दिया था। वहीं, कुछ लड़कियों को उनके दोस्तों ने पैसे की लालच में फंसाकर ऑर्केस्ट्रा में धकेल दिया था।
बताया जा रहा है कि 14 लड़कियां पश्चिम बंगाल और 2 नेपाल की रहने वाली हैं। इन लड़कियों को नौतन, बैरिया और जगदीशपुर से बरामद किया गया है।
बेतिया में यह खेल पिछले 2 साल से चल रहा था। ऑर्केस्ट्रा संचालक अलग-अलग जिलों में इन लड़कियों को डांस कराने के नाम पर भेजता था। 2 घंटे तक डांस करवाने के बाद उनके साथ ऑर्केस्ट्रा संचालक फिजिकल होते थे। जो लड़की इसके लिए मना करतीं थीं, उनके साथ मारपीट की जाती थी। इस मामले की जानकारी मिशन मुक्ति फाउंडेशन को लगभग 1 साल से मिल रही थी।लेकिन वे यहां तक पहुंच नहीं पा रहे थे।
14 फरवरी 2024 को राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली ने बेतिया के DIG हरिकिशोर राय को लेटर लिखा। 15 फरवरी तक DIG को इस लेटर के बारे में जानकारी हुई। इसके बाद मिशन मुक्ति फाउंडेशन के संचालक ने भी इसकी जानकारी DIG को दी।
DIG ने 20 फरवरी को मिशन मुक्ति फाउंडेशन के साथ मिलकर एक टीम बनाई। 20 फरवरी की रात 2 बजे से कार्रवाई शुरू करते हुए शुक्रवार 21 फरवरी की अहले सुबह 4 बजे सभी लड़कियों को बरामद किया। इसके साथ ही 10 ऑर्केस्ट्रा संचालक को गिरफ्तार किया गया।
217
