भारत की महामहिम राष्ट्रपति से सम्मानोपरांत देश की अमूल्य कला- धरोहर चंपारण की बेटी डाॅ. नीतू कुमारी नूतन का अभिनंदन सह विशेष सम्मान समारोह भव्यता के साथ  संपन्न

Live News 24x7
6 Min Read
  •  प्रो. ( डाॅ.) वीरेन्द्र नाथ पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के तत्त्वावधान में एम. एस. काॅलेज ऑडिटोरियम में      आयोजित हुआ समारोह
  • विशेष सम्मान समारोह में शिक्षा, साहित्य, कला- संस्कृति एवं सामाजिक सद्भाव व समाजसेवा के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान देने वाली सात महान विभूतियाॅ हुईं सम्मानित 
अशोक वर्मा
मोतिहारी : भारत की महामहिम राष्ट्रपति के करकमलो सम्मानोपरांत देश की अमूल्य कला- धरोहर चंपारण की बेटी डाॅ. नीतू कुमारी नूतन का अभिनंदन सह विशेष सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार को शहर के मुंशी सिंह काॅलेज स्थित ऑडिटोरियम में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। प्रो .( डाॅ.) वीरेन्द्र नाथ पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट, मोतिहारी के तत्त्वावधान में आयोजित इस समारोह में डाॅ.नूतन के अभिनंदन के साथ शिक्षा, साहित्य- संस्कृति एवं सामाजिक सद्भाव व समाजसेवा के क्षेत्र में अतिविशिष्ट उपलब्धियों एवं अप्रतिम योगदान देने वाली सात महान विभूतियों को विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया।
समारोह का विधिवत उद्घाटन सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार सिंह, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश ठाकुर, भारतीय जीवन बीमा निगम के मुख्य प्रबंधक संगम लाल, डाॅ. चंद्रलता झा, डाॅ. स्वस्ति सिन्हा, डाॅ. नीतू कुमारी नूतन, डाॅ. सुशील कुमार सिन्हा, डाॅ. राजेश श्रीवास्तव, ई. विभूति नारायण सिंह, देवप्रिय मुखर्जी, डाॅ. सुनील चंपारणी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वेद विधालय के छात्रों द्वारा मंगलाचरण पाठ से समारोह की विधिवत शुरुआत हुई। समारोह की अध्यक्षता डाॅ. चंद्रलता झा ने की। आगत अतिथियों का स्वागत चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव समिति के सचिव डाॅ.अतुल कुमार ने किया। समारोह का सफल संचालन एम.एस. काॅलेज के विद्वान प्राचार्य प्रो. (डाॅ.) अरुण कुमार एवं अनिल वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। समारोह का बेहतरीन संयोजन वरीय संस्कृतिकर्मी अनिल कुमार वर्मा ने किया।
अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध गायिका, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड, भारत सरकार की वरीय सदस्य, कल्चरल एकेडेमिशियन व चंपारण की बेटी डॉ. नीतू कुमारी नूतन को कला के क्षेत्र में निरंतर नित्य नयी कीर्तियों व अतिविशिष्ट उपलब्धियों के लिए भारत की महामहिम राष्ट्रपति के करकमलों कला के क्षेत्र में अतिविशिष्ट उपलब्धियों एवं महत्ती योगदान के लिए कला अवार्ड से नवाजे जाने के उपरांत आज उनका अभिनंदन किया गया। युवा साहित्यकार डाॅ. विनय कुमार सिंह ने मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से समर्पित अभिनंदन पत्र का वाचन किया। तत्पश्चात अतिथियों के करकमलों डाॅ.नूतन को अभिनंदन पत्र समर्पित कर उन्हें प्रतीक- चिह्न, अंगवस्त्रम् एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान से अलंकृत किया गया।
वहीं विशेष सम्मान समारोह में शिक्षा, साहित्य, कला, संस्कृति, सामाजिक सद्भाव व समाजसेवा के क्षेत्र में अतिविशिष्ट उपलब्धियों  एवं महत्वपूर्ण योगदान के लिए सभी सात महान विभूतियों को प्रमाण पत्र, प्रतीक- चिह्न,  अंगवस्त्रम् व पुष्पगुच्छ प्रदान कर उन्हें सम्मान से अलंकृत किया गया। जिसमें शिक्षा, साहित्यिक- सांस्कृतिक क्षेत्र में अतिविशिष्ट उपलब्धियों एवं अतिमहत्त्वपूर्ण योगदान के लिए प्रो. ( डाॅ.) संजय कुमार यादव ( बेतिया, पश्चिम चंपारण) को ( शिक्षा- साहित्यकीर्ति सम्मान 2024), विमल कुमार परिमल ( सीतामढी) को साहित्य लेखन के लिए ( कृतिकार सम्मान- 2024), मदन प्रसाद को चाक्षुष कला अंतर्गत पेंटिंग के लिए ( कलाविद्श्री सम्मान-2024), अशोक कुमार वर्मा को  शब्द-लेखन,चिंतन के माध्यम से समाज के उत्तरोत्तर विकास के लिए ( शब्द-साधक सम्मान-2024), दिलीप कुमार सिंह को सामाजिक सद्भाव व समाजसेवा के लिए ( सत्कीर्ति सम्मान-2024) से अलंकृत किया गया, जबकि पंडित नरहरि पाठक को शास्त्रीय संगीत के उत्तरोत्तर विकास में अतिमहत्त्वपूर्ण भूमिका के लिए (संगीत शिरोमणि सम्मान -2024 ) एवं शारदानंद प्रसाद को  शास्त्रीय संगीत- कला के उन्नयन, संरक्षण व संवर्धन के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान के लिए मरणोपरांत ( संगीत शिरोमणि सम्मान- 2024)  से अलंकृत किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि एसएसबी कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार सिंह ने कहा कि साहित्य, संगीत व कलाविहीन व्यक्ति पशु समान होता है। उन्होंने कहा कि डाॅ. नीतू कुमारी नूतन का अभिनंदन एवं विशेष सम्मान से अलंकृत महान विभूतियों को सम्मानित करने का गौरव पाकर हम खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं। विशेष अतिथि विशेष सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश ठाकुर ने कहा कि देश की अमूल्य कला धरोहर डाॅ. नूतन ने कला के क्षेत्र में अपनी अतिविशिष्ट उपलब्धियों से वैश्विक पटल पर चंपारण को गौरवान्वित कर हमारा मान बढ़ाया है। श्री ठाकुर ने कहा कि विशेष सम्मान से अलंकृत की गई विभूतियों की उपलब्धियाॅ एवं उनके योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणीय है।
 कार्यक्रम की सफलता में एमएस काॅलेज प्रबंधन तथा एमकेडी पब्लिक स्कूल प्रबंधन व छात्र- छात्राओं की विशेष भागीदारी रही। मौके पर डाॅ. शंकर वत्स, प्रो. दिवाकर नारायण पाठक, शारदा संगीतालय की प्राचार्य संगीता कुमारी, जर्नलिस्ट वेलफेयर सोसायटी सचिव अरुण तिवारी, ई अजय कुमार आजाद, एमकेडी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डाॅ. आर पाण्डेय आदि गण्यमान्य अतिथिगणों की गरिमामई उपस्थिति रही।
धन्यवाद ज्ञापन प्रो. (डाॅ.) वीरेन्द्र नाथ पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के सचिव संजय पाण्डेय ने किया।
175
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *