खबर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की है जहां मुजफ्फरपुर पुलिस ने ठेकेदार मनोज कुमार हत्याकांड मामले में उसके गांव की महिला समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने पिस्टल और कारतूस बरामद किया है। महिला ने एक लाख रुपए में शूटर हायर कर हत्या करवाया है।
मामले को लेकर एसडीपीओ पूर्वी 2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 13 मई को सुबह करीब 6 बजे सकरा थाना क्षेत्र के मछही गांव निवासी मनोज कुमार मॉर्निंग वॉक पर निकले थे तभी बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद घायल मनोज कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं मृतक मनोज कुमार की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें दो अज्ञात लोगों और दो नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस घटना की जांच में जुट गई।
सकरा थाना प्रभारी राजू कुमार पाल ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी और एक शूटर को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मृतक मनोज कुमार और हत्या की घटना में आरोपी खुशबू देवी दोनों एक ही गांव की निवासी हैं।
आपको बता दे कि खुशबू देवी की बहन ललिता देवी ने 18 कट्ठा जमीन मनोज को बेचा था। इसके बाद खुशबू ने अपने पिता के माध्यम से उस ज़मीन को अपने नाम पर रजिस्ट्री करा लिया। उस जमीन पर कब्जे को लेकर दोनो पक्षों के बीच काफ़ी समय से तनाव का माहौल बना हुआ था। इसी बीच खुशबू देवी ने अपने पति महेश राय और अपने भांजे रूपेश राय के साथ मिल कर शूटर अनीश कुमार को एक लाख रुपए की सुपारी, मनोज की हत्या के लिए दी थी। इसके बाद शूटर अनीश कुमार ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर मनोज कुमार के हत्या की घटना को अंजाम दिया था। वहीं पूछताछ के बाद चारों आरोपी को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
