खगड़िया में लव मैरिज के 17 महीने बाद ही महिला की मौत हो गई है। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को खेत में दफन कर दिया। महिला के मायके वालों को इसकी भनक मिली तो पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद गुरुवार की दोपहर इस हत्या का खुलासा हुआ।
पुलिस ने मक्का खेत के बीच में दफनाए गए शव को बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान बेलदौर थाना क्षेत्र के मुरासी भरना गांव निवासी मुरली मंडल की 25 वर्षीय बेटी रविता कुमारी के रूप में हुई है। रविता ने 17 महीने पहले 6 फरवरी 2023 को मुरासी गांव के ही देवो सदा के बेटे दुर्बल सदा के साथ लव मैरिज की थी। उसे छह महीने का बेटा भी हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
बताया जाता है कि रविता बुधवार की शाम से ही गुम थी, जिसके बाद गुरुवार की सुबह मायके वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए स्थानीय थाना में शिकायत की। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस को भरना गांव के पास एक मक्का खेत में शव को दफन किए जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे बेलदौर थाना के एसआई रणवीर राजन ने बताया कि युवती का शव बरामद कर लिया गया है। परिजनों ने इसके पति पर ही हत्या का आरोप लगाया है, जिसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
743