गोपालगंज के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में शॉर्ट-सर्किट लगने से एक घर में अचानक आग लग गई। इस अगलगी की घटना में दो मासूम बच्चे झुलस गए। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों में मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी ब्रजेश महतो की 5 साल की बेटी इसानी कुमारी और दो साल का बेटा कुलदीप कुमार शामिल है। इस अगलगी की घटना में करीब 10 से 12 घर भी जल गए। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल, घटना के बारे में बताया जाता है कि गोपालपुर गांव निवासी ब्रजेश महतो अपने पिता के साथ खेत में मजदूरी करने गए थे। इसी बीच उसकी पत्नी दोनों बच्चों को अपने देवरानी के घर में सुला कर अपने पति और ससुर के लिए खाना लेकर खेत में चली गई थी। तभी शॉर्ट-सर्किट से उसके घर में आग लगता देख दोनों मासूम जग गए। अपनी जान बचाने के लिए अपने रूम में पलंग के नीचे छुप गए। लेकिन आग की लपटें देखते ही देखते विकराल रूप ली।
आग पूरी तरह से फैलने लगी। जिससे दोनों मासूम बच्चे जिंदा जल गए और उनकी मौत हो गई। आग लगने की सूचना पाकर स्थानीय लोगों की भीड़ धीरे-धीरे बढ़ने लगी। आग पर काबू पाने के लिए सभी लोग अपने स्तर से जुट गए। लेकिन किसी का ध्यान घर में मौजूद बच्चों पर नहीं गया। जब उसकी मां दौड़कर आई और अपने बच्चों को खोजने लगी तब दोनों कहीं नजर नहीं आए। तब तक आग विकराल रूप लेकर पूरे घर को अपने आगोश में ले लिया था। स्थानीय लोगों द्वारा आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाने में सफल रहे।
सूचना पाकर पुलिस पहुंची और फायर बिग्रेड को सूचित किया। एक घंटे के बाद जब फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी। आग ने घर में मौजूद दोनों बच्चों को अपने आगोश में ले लिया था। जिससे दोनों बच्चो की मौत हो गई।
वहीं, इस अगलगी की घटना में अन्य 12 घर तक भी आग पहुंच गई, जिससे आग लगने से लाखों के नुकसान होने की संभावना है। मोहम्मदपुर थाना के ASI मोहन कुमार निराला ने बताया कि गोपालपुर गांव में अगलगी की सूचना मिली थी। इस अगलगी में दो मासूम बच्चों की जलने से मौत हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। साथ ही गांव में आस-पास के करीब 12 घर जलने की सूचना मिल रही है।
मामले की जांच की जा रही है। मृतक के पिता और दादा ने बताया कि सभी लोग खेत पर काम करने गए थे। तभी सूचना मिली की मेरे घर में आग लग गई है। दौड़ा कर आया तो सभी लोग आग बुझा रहे थे। बच्चों को जब खोजा गया तो कहीं नहीं मिले। बाद में पलंग के नीचे दोनों का शव मिला। दो ही बच्चे थे और दोनों की मौत हो गई।
