कैमूर (रामगढ़): घर में बेटी की सगाई की तैयारियां चल रही थीं, परिवार के सभी सदस्य खुशियों के इस खास मौके को यादगार बनाने में जुटे थे। घर में उत्साह का माहौल था और सगाई की तारीख भी नजदीक आ रही थी। लेकिन इसी बीच अचानक एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे परिवार की खुशियों को चिंता में बदल दिया। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर से बेटी के पिता गायब मिले। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं।
मामला कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ नगर के वार्ड नंबर 8 का है। यहां के निवासी संजय राम अचानक लापता हो गए हैं। बताया जाता है कि घर में बेटी की सगाई को लेकर तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोग इस शुभ अवसर को लेकर काफी उत्साहित थे। इसी दौरान संजय राम के घर से गायब होने की जानकारी सामने आई।
परिजनों ने पहले अपने स्तर से उनकी काफी खोजबीन की। आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर भी पता लगाया गया, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आखिरकार परेशान परिजनों ने रामगढ़ थाने पहुंचकर संजय राम की तस्वीर के साथ गुमशुदगी का लिखित आवेदन दिया और पुलिस से उनकी तलाश में मदद की गुहार लगाई।
इस संबंध में रामगढ़ थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि रामगढ़ नगर के वार्ड नंबर 8 निवासी संजय राम के लापता होने को लेकर परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है और लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल संजय राम के अचानक लापता होने से परिवार के लोग काफी चिंतित हैं। जिस घर में बेटी की सगाई को लेकर खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सभी को संजय राम के सकुशल वापस लौटने का इंतजार है।
17