सफाई, जलापूर्ति और रोशनी पर नगर आयुक्त सख्त, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही

Live News 24x7
5 Min Read
  • गयाजी की व्यवस्था सुधारने को डॉ. गगन कुमार ने की विभागवार समीक्षा, सड़क से कचरे का तत्काल उठाव, वाटर वॉल्व दुरुस्त करने और दिन में स्ट्रीट लाइट बंद रखने का निर्देश; आवारा पशुओं के लिए भी बनेगी व्यवस्था
गयाजी। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, जलापूर्ति को सुचारू बनाने और प्रकाश व्यवस्था में सुधार लाने को लेकर गया नगर निगम प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में शहर की बुनियादी नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर आयुक्त ने एक-एक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने शहर के मुख्य मार्गों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर कचरा जमा हो रहा है अथवा नियमित रूप से कचरा फेंका जा रहा है, वहां से तत्काल कचरे का उठाव कराया जाए। कचरा जमा रहने से शहर की स्वच्छता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। संबंधित सफाई पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यों की लगातार निगरानी करें। मुख्य सड़कों एवं व्यस्त इलाकों में विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि आम नागरिकों को गंदगी और कचरे की समस्या से परेशानी नहीं हो।
जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार, वाटर वॉल्व दुरुस्त कराने का निर्देश
जलापूर्ति की समीक्षा के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में पानी की आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई है। नगर आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया* कि जहां भी वाटर वॉल्व खराब या गड़बड़ स्थिति में हैं, उन्हें अविलंब दुरुस्त कराया जाए। जलापूर्ति व्यवस्था में तकनीकी खामियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि आम लोगों को नियमित रूप से पानी मिल सके। उन्होंने जलापूर्ति से जुड़े कार्यों की निगरानी करने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने दिन के समय भी जलती रहने वाली स्ट्रीट लाइटों को लेकर गंभीरता दिखाई। उन्होंने निर्देश दिया कि दिन में जल रही स्ट्रीट लाइटों को नियमित रूप से बंद कराया जाए। इसके लिए संबंधित कर्मियों एवं पदाधिकारियों को जिम्मेदारी तय करने को कहा गया, ताकि बिजली की अनावश्यक खपत पर रोक लगाई जा सके। इसके साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और खराब लाइटों को दुरुस्त कराने पर भी जोर दिया गया है।
आवारा पशुओं के लिए बनेगी रहने की व्यवस्था
इस बैठक में शहर की एक अन्य महत्वपूर्ण समस्या आवारा पशुओं को लेकर भी चर्चा हुई है। सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर घूमने वाले आवारा पशुओं के उचित प्रबंधन और उनके रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रस्ताव रखा गया है। इस पर आवश्यक पहल करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया, ताकि शहर में आवारा पशुओं के कारण होने वाली समस्याओं को कम किया जा सके।
नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई, जलापूर्ति और प्रकाश व्यवस्था नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल हैं। इन व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी पदाधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय रहकर समस्याओं का त्वरित निष्पादन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता, पेयजल की उपलब्धता और बेहतर रोशनी सुनिश्चित करने के लिए विभागों के बीच समन्वय बनाकर काम करना जरूरी है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत करना और आम नागरिकों को बेहतर नगर निगम सेवाएं उपलब्ध कराना रहा है।
इस बैठक में कार्यपालक अभियंता, नोडल पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, जेई, एई सहित नगर निगम के अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
16
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *