सिरका चुनाभट्टा दामोदर नदी में डूबने से दो किशोरों की दर्दनाक मौत

Live News 24x7
3 Min Read
  • नहाने के दौरान एक किशोर डूबने लगा तो उसे बचाने नदी में उतरा दूसरा किशोर, दोनों की चली गई जान
  • सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
रामगढ़:रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिरका स्थित चुनाभट्टा दामोदर नदी में बुधवार को नहाने के दौरान डूबने से दो किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान औरंगाबाद (बिहार) निवासी शिवम कुमार पासवान (13 वर्ष) और छोटू पासवान (15 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर छठ पर्व मनाने के लिए बिहार के औरंगाबाद से अपने जीजा के यहां रामगढ़ के जीएम ऑफिस, अरगड्डा आए हुए थे। उनके जीजा जीएम ऑफिस कॉलोनी में निजी सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत हैं। बताया जाता है कि बुधवार को कॉलोनी में पानी की आपूर्ति नहीं हुई थी। इसके बाद परिवार के लोग नहाने के लिए सिरका चुनाभट्टा स्थित दामोदर नदी पहुंचे थे।
इसी दौरान नदी में नहाते समय अचानक छोटू पासवान गहरे पानी में डूबने लगा। उसे डूबता देख शिवम कुमार पासवान उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया। लेकिन दुर्भाग्यवश वह भी गहरे पानी की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों किशोर पानी में डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और पिता ने आनन-फानन में नदी में उतरकर काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला।
इसके बाद तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों किशोरों को सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। दो किशोरों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
मृतक छोटू के पिता संजय पासवान ने बताया कि वे अपने बेटे छोटू और भतीजे शिवम के साथ छठ पर्व मनाने आए थे। बुधवार को ही परिवार को वापस औरंगाबाद लौटना था, लेकिन घर लौटने से पहले ही यह हृदयविदारक हादसा हो गया। जिस परिवार में पर्व की तैयारियां और घर वापसी की खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम छा गया है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने दोनों किशोरों के शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
23
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *