- उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर चला सघन छापेमारी अभियान, अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू
रामगढ़:जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम लगातार छापेमारी अभियान चलाकर अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने में जुटी है। इसी कड़ी में मंगलवार को बरकाकाना थाना क्षेत्र के तेलियातु गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग ठिकानों पर सघन छापेमारी की। इस दौरान करीब 45 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद, रामगढ़ के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तेलियातु गांव में छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने गांव के पांच अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। इस दौरान अवैध रूप से रखी गई करीब 45 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व अवर निरीक्षक उत्पाद अमित किशोर प्रसाद ने किया। अभियान में उत्पाद विभाग के कर्मियों के साथ गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के जवान भी शामिल थे। टीम ने विभिन्न ठिकानों पर छानबीन करते हुए अवैध शराब की बरामदगी की।
वहीं, मामले में अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब के कारोबार पर प्रशासन की पैनी नजर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
29