बेतिया में घूसखोर दारोगा चढ़ा निगरानी के हत्थे, 4 हज़ार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Live News 24x7
2 Min Read

खबर बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले की है जहां जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने शिकारपुर थाने में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक उपेंद्र कुमार विद्यार्थी को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। घूसखोर पुलिस अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

निगरानी डीएसपी सतीश कुमार माधव के अनुसार, यह पूरा मामला बिजली चोरी से जुड़े एक केस में रिश्वत मांगने से संबंधित है। परिवादी अमृत कुमार के खिलाफ शिकारपुर थाने में कांड संख्या 794/26 दर्ज था, जिसके अनुसंधानकर्ता उपेंद्र कुमार विद्यार्थी थे। मामले में राहत देने और जांच के नाम पर आरोपी एएसआई द्वारा चार हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

पीड़ित ने इस घूसखोरी की शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद निगरानी टीम ने घूसखोर अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए एक सुनियोजित रणनीति तैयार की। योजना के तहत निगरानी की विशेष टीम ने शिकारपुर स्थित हाईस्कूल चौक के आसपास घेराबंदी कर अपना जाल बिछा दिया। जैसे ही परिवादी ने तय योजना के अनुसार हाईस्कूल चौक के पास एएसआई उपेंद्र कुमार विद्यार्थी को 4 हजार रुपये की रिश्वत की रकम थमाई, पास में तैनात निगरानी की टीम ने तुरंत दबिश देकर उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी अधिकारी के पास से रिश्वत के पैसे भी बरामद कर लिए गए।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी एएसआई को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। थाने के आईओ स्तर के पुलिस पदाधिकारी पर निगरानी की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भारी खलबली मच गई है।

 

46
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *