- औचक निरीक्षण मध्यान भोजन की अवधि के दौरान करें एवं बच्चों के पंगत में बैठकर खुद भी खाना खाएं
- शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा दिया गया उक्त आदेश
पूर्वी चंपारण समाहरणालय मोतिहारी स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के द्वारा सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक कार्य दिवस में विद्यालयों का औचक निरीक्षण करें। औचक निरीक्षण मध्यान भोजन के लिए निर्धारित समय पर करें और खुद भी बच्चों के पंगत में बैठकर मध्यान भोजन ग्रहण करें। मध्यान भोजन की क्वांटिटी, क्वालिटी और हाइजीन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। विद्यालय भ्रमण के दौरान पदाधिकारी विद्यालय परिसर की साफ सफाई सहित रसोई घर की व्यवस्था जरूर देखें। रसोई घर की साफ सफाई मुकम्मल हो और उसमें कोई भी अनावश्यक सामग्री नहीं रहे इसे सुनिश्चित कराएं। रसोई घर की खिड़की में यथाशीघ्र जाली (नेट)लगवा दें। निर्देश दिया गया कि सभी पदाधिकारी मध्यान भोजन ग्रहण करते हुए अपना फोटो संबंधित ग्रुप में व्हाट्सएप के माध्यम से भेजेंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि मैं स्वयं भी देखूंगा और उप विकास आयुक्त के द्वारा भी समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा और इन चीजों को अनिवार्य रूप से देखा जाएगा। बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार भी उपस्थित थे।
विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान नामांकन की स्थिति, नामांकन के विरुद्ध बच्चों की भौतिक उपस्थित, शिक्षकों की उपस्थिति, इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्धता, विद्यालय की अगर कोई समस्या है तो इससे संबंधित एक नोट बनाएं और इसका प्रतिवेदन जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय को उपलब्ध कराएं। बैठक के दौरान बताया गया कि जिला की कुल सात प्रखंडों में एजेंसी के माध्यम से मध्यान भोजन कराया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि खाना की गुणवत्ता और सर्विस से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इसमें कहीं से शिकायत मिलेगी तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिन विद्यालयों में सिविल वर्क चल रहे हैं अथवा जिन विद्यालयों में होना है और कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है उन सभी विद्यालयों की कनीय अभियंता के साथ जांच करें। विद्यालयों में चल रहे सिविल वर्क को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि इससे संबंधित गूगल शीट बनाएं और स्कूल वार किये जा रहे कार्यों और उसके प्रगति को गूगल शीट में प्रतिदिन दर्शाएँ।
बैठक के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि जिला अंतर्गत सभी 33 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल)में लाइव क्लासेस संचालित की जा रही है। साथ ही बीएसईबी पटना द्वारा विकसित मोबाइल एप “विद्या साथी”के माध्यम से 24x 7 विद्यार्थी शिक्षकों से अध्ययन कर सकते हैं एवं अपनी समस्या/ प्रश्नों का हाल प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी,जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी,प्रखंडों के कनीय अभियंता उपस्थित थे।
252