गया जीमगध विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार गया के विभिन्न महाविद्यालयों के संयुक्त सहयोग से सोमवार को “हर घर तिरंगा सम्मान यात्रा एवं झांकी” का आयोजन किया गया है। यात्रा का शुभारंभ मिर्जा गालिब कॉलेज, गया से हुआ, जो काशीनाथ मोड़ होते हुए गांधी मैदान तक पहुंची।
यात्रा में मिर्जा गालिब कॉलेज, गया कॉलेज, जगजीवन कॉलेज, गौतम बुद्ध महिला कॉलेज एवं अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया है।
यात्रा के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों की ओर से आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं हैं। मिर्जा गालिब कॉलेज से काशीनाथ मोड़ होते हुए गांधी मैदान तक निकली इस यात्रा में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे मार्ग में देशभक्ति का वातावरण बना रहा है।इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में तिरंगे के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना था। महाविद्यालयों के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सामूहिक भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रभावशाली बनाया है।गांधी मैदान पहुंचने के बाद यात्रा का समापन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा तिरंगे की गरिमा का सम्मान करने का संकल्प लिया है।
इस अवसर पर अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, गया के प्राचार्य डॉ नजीर अख्तर ने कहा कि “तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि यह हमारी स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा सम्मान यात्रा’ के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया गया है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं।” उन्होंने यात्रा में शामिल सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, छात्र-छात्राओं एवं एन.एस.एस. स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
32