एपीएचसी कुशहर में फाइलेरिया मरीजों के लिए कार्यशाला, 12 पीड़ितों को मिली एमएमडीपी किट

Live News 24x7
3 Min Read
  • हाथी पांव की नियमित सफाई, संक्रमण से बचाव और आत्मनिर्भर बनने के दिए गए गुर
  • दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की दी गई जानकारी
  • दिसंबर में होने वाले रात्रि रक्तपट संग्रह के लिए चिह्नित स्थलों का किया गया सत्यापन
शिवहर। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत सोमवार को शिवहर प्रखंड स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) कुशहर में फाइलेरिया (हाथी पांव) से पीड़ित मरीजों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान 12 मरीजों के बीच रुग्णता प्रबंधन और विकलांगता निवारण (एमएमडीपी) किट का वितरण किया गया, ताकि वे घर पर ही अपने घावों और प्रभावित अंगों की बेहतर देखभाल कर सकें।
कार्यशाला की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गजनफर हैदर ने की। मौके पर भीबीडीएस मनोज कुमार, पिरामल फाउंडेशन के संचारी रोग कार्यक्रम पदाधिकारी नवीन कुमार मिश्रा, स्टाफ नर्स नागेंद्र कुमार, एएनएम वीणा कुमारी, आशा फैसिलिटेटर गीता कुमारी सहित सभी आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
साफ-सफाई और किट के उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण:
कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा मरीजों को हाथी पांव की नियमित सफाई, सूजन कम करने के उपाय और संक्रमण से बचाव की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गजनफर हैदर ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन रोकथाम योग्य बीमारी है। मरीजों को लगातार साफ-सफाई और उचित देखभाल की आवश्यकता होती है, जिसमें एमएमडीपी किट काफी सहायक साबित होगी। वहीं, पिरामल फाउंडेशन के नवीन कुमार मिश्रा ने किट में मौजूद साबुन, तौलिया, एंटीसेप्टिक क्रीम व अन्य सामग्री के उपयोग की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन कर मरीजों को समझाया।
सरकारी लाभ के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की सलाह:
भीबीडीएस मनोज कुमार ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मरीजों को देखभाल के प्रति आत्मनिर्भर बनाना और जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम के अंत में सभी लाभार्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र (डिसेबिलिटी सर्टिफिकेट) बनवाने और इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया, ताकि उन्हें सरकार द्वारा संचालित दिव्यांगता पेंशन व अन्य योजनाओं का लाभ मिल सके।
रात्रि रक्तपट संग्रह स्थलों का किया गया भौतिक सत्यापन:
आगामी दिसंबर माह में होने वाले रात्रि रक्तपट (नाइट ब्लड सर्वे) संग्रह अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अभी से सक्रिय है। कार्यशाला के उपरांत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गजनफर हैदर, भीबीडीएस मनोज कुमार, पिरामल फाउंडेशन की टीम और आशा फैसिलिटेटर गीता कुमारी ने चिह्नित स्थलों का संयुक्त रूप से सत्यापन किया, ताकि अभियान के दौरान आने वाली किसी भी संभावित कठिनाई का समय रहते समाधान किया जा सके।
31
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *