वैशाली में पल्स पोलियो अभियान शुरू, 6.34 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

Live News 24x7
3 Min Read
22 से 26 नवंबर तक चलेगा अभियान, छूटे बच्चों को 28 नवंबर को बी-टीम के द्वारा दी जाएगी पोलियो की दवा
हाजीपुर। बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए वैशाली जिले में रविवार से पल्स पोलियो अभियान शुरू हो गया। सदर अस्पताल, हाजीपुर में सुबह 11 बजे सिविल सर्जन डॉ. राजेश किशोर साहू ने अभियान का उद्घाटन किया। अभियान के तहत जिले में पांच वर्ष तक के करीब 6 लाख 34 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिले में 22 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारी की है। बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर खुराक पिलाने के साथ ट्रांजिट और मोबाइल टीमों को भी लगाया गया है। अभियान के दौरान कोई बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए सभी प्रखंडों में विशेष व्यवस्था की गई है।
1921 कर्मियों की टीम संभालेगी जिम्मेदारी:
अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 1921 कर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें 1293 घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने वाली टीमें, 150 ट्रांजिट टीमें, 24 मोबाइल टीमें और 454 सुपरवाइजर शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी प्रखंडों में पर्याप्त मात्रा में पोलियो की दवा, वैक्सीन, बैनर, पोस्टर और प्रचार सामग्री उपलब्ध करा दी गई है।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश ने बताया कि जिले में पांच वर्ष तक के सभी लक्षित बच्चों के टीकाकरण के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। अभियान के दौरान नियमित निगरानी भी की जाएगी, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बच्चों को पोलियो की खुराक मिल सके।
छूटे बच्चों को भी मिलेगी खुराक:
अभियान के बाद 28 नवंबर को बी-टीम के दौरान उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जो नियमित अभियान के दौरान किसी कारणवश छूट गए होंगे। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
उद्घाटन के अवसर पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. कुमार मनोज, नोडल पदाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार सिन्हा, जिला मूल्यांकन एवं अनुश्रवण पदाधिकारी ऋतुराज पाठक, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक नीभारानी सिन्हा सहित स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
26
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *