- प्रथम चरण में जिले के पांच चयनित गांवों में 12 से 20 नवंबर तक लगेंगे विशेष शिविर
- आशा कार्यकर्ता तैयार करेंगी छूटे हुए लोगों की सूची, गृह भ्रमण कर दवा खाने को करेंगी प्रेरित
- जीविका, आईसीडीएस और छठ पूजा समितियों के सहयोग से चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
सीतामढ़ी। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को गति देने और सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) कार्यक्रम के दौरान वंचित रह गए पात्र व्यक्तियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। छठ महापर्व (13 से 16 नवंबर) के अवसर पर रोजगार व अन्य कारणों से बाहर रहने वाले प्रवासियों के घर लौटने को देखते हुए विभाग ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यालय ने सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों व स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पांच गांवों में विशेष शिविर और आशा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी:
अभियान के तहत पहले चरण में जिले के उच्च प्राथमिकता वाले 29 गांवों में से पांच गांवों का चयन किया गया है। यहां 12 से 20 नवंबर 2026 के बीच आयुष्मान आरोग्य मंदिर, विद्यालय या अन्य सामुदायिक स्थलों पर विशेष दवा सेवन शिविर लगाए जाएंगे। सभी प्रखंडों में आशा कार्यकर्ता गृह भ्रमण कर दवा से छूटे लोगों और बाहर से लौटे प्रवासियों की सूची तैयार करेंगी तथा उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या शिविर तक लाकर दवा सेवन के लिए प्रेरित करेंगी। विभाग ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी की निगरानी में भोजन के बाद ही लोगों को आयु के अनुसार दवा की सही खुराक दी जाए।
अंतर-विभागीय समन्वय और सामुदायिक सहभागिता पर जोर:
अभियान की सफलता के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका, आईसीडीएस और शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा छठ पूजा व घाट समितियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस पूरी पहल में पिरामल फाउंडेशन द्वारा माइक्रोप्लानिंग, प्रवासियों की पहचान, जागरूकता और रिपोर्टिंग में स्वास्थ्य विभाग को तकनीकी सहयोग दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि आपसी समन्वय और सामुदायिक भागीदारी से इस अवसर का लाभ उठाते हुए शत-प्रतिशत पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए।
14