स्वतंत्रता सेनानी गणेश प्रसाद साहू को समर्पित हुआ अक्टूबर का राष्ट्रीय मासिक कार्यक्रम

Live News 24x7
4 Min Read
  • 10 बजे 10 मिनट स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में सेनानी परिवार के त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण पर हुई चर्चा
 अशोक वर्मा।
मोतिहारी : स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति की ओर से देशभर में प्रत्येक माह आयोजित किए जा रहे ‘10 बजे 10 मिनट स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीदों के नाम’ राष्ट्रीय मासिक कार्यक्रम के तहत अक्टूबर माह का कार्यक्रम महान स्वतंत्रता सेनानी गणेश प्रसाद साहू को समर्पित किया गया। कार्यक्रम जिले के महान स्वतंत्रता सेनानी रामदयाल प्रसाद साह के वंशज डॉ. चंदन जायसवाल के आवास पर आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ आनंद देव प्रसाद ने तिरंगा झंडा फहराकर किया। उपस्थित लोगों ने सेनानी गणेश प्रसाद साहू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। संगोष्ठी की अध्यक्षता डॉ. सुनील कुमार जायसवाल ने की।
इस अवसर पर डॉ. चंदन जायसवाल ने स्वतंत्रता संग्राम में गणेश प्रसाद साहू के त्याग, तपस्या और बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में ऐसे अनेक सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, जिनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. सुनील कुमार जायसवाल ने कहा कि साहू परिवार के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। हमें अपने पूर्वजों की दानवीरता और सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाना होगा।
पूर्व प्राचार्य प्रो. विजय शंकर पांडे ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस राष्ट्र की परिकल्पना की थी, वह अभी पूरी तरह साकार नहीं हो पाया है। उनके अधूरे कार्य को पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
पूर्व प्राचार्य प्रो. खुश नंदन सिंह ने सेनानी परिवार समिति द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आम लोगों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना जागृत होगी।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक वर्मा ने कहा कि जिस तरह स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई सभी वर्गों और समुदायों ने मिल-जुलकर लड़ी थी, उसी प्रकार आज भी हमें सर्वधर्म समभाव और ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ के सिद्धांत को अपनाकर आगे बढ़ना होगा। इसी भावना से देश का कल्याण संभव है।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरनाथ प्रसाद ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान पर विस्तार से चर्चा की। जिला अध्यक्ष कौशल किशोर पाठक ने कहा कि आजादी के बाद जिन लोगों के नेतृत्व में देश की सत्ता आई, उन्होंने ईमानदारी से राष्ट्र निर्माण का कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज महात्मा गांधी को गलत रूप में प्रस्तुत करने के प्रयासों का सेनानी परिवार समिति विरोध करती है।
नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता ने कहा कि जयप्रकाश आंदोलन ने देश के युवाओं में नई ऊर्जा और शक्ति का संचार किया था।
कार्यक्रम को डॉ. अशोक कुमार, चंचल कुमार, चंद्रमा यादव सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानी गणेश प्रसाद साहू के आदर्शों को आगे बढ़ाने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
31
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *