भभुआ,कैमूर। जिले के नुआंव थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान टाटा सफारी और बुलेट मोटरसाइकिल समेत तीन वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं, फरार अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
मोहनिया के प्रभारी डीएसपी दयानंद कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि नुआंव थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग अवैध हथियारों के साथ टाटा सफारी और बुलेट मोटरसाइकिल से परसथुआ की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नुआंव थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने अखनी गांव के पास घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी और फायरिंग करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर गांव की तरफ भाग निकले। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अखनी गांव को चारों तरफ से घेर लिया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पूरे इलाके की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे की भी मदद ली गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश खान, फूलबदन यादव उर्फ गुड्डू यादव, फौजान खान और गुफरान खान के रूप में हुई है। ये सभी अखनी गांव के निवासी बताए गए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, एक टाटा सफारी और एक उजले रंग की कार जब्त की है। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। साथ ही फरार संदिग्धों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
32