9कैमूर में विकास योजनाओं की रफ्तार पर DM कुमार अनुराग की नजर, बोले—लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं होगी
भभुआ/कैमूर। कैमूर जिले में विकास योजनाओं को गति देने और सरकारी लाभ को समय पर आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को समाहरणालय स्थित माँ मुण्डेश्वरी सभागार में जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की प्रमुख विकास योजनाओं की एक-एक कर समीक्षा की गई और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी योजना में अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पंचायती राज, जिला उद्योग केंद्र, कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, ICDS, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा हुई।
सोलर स्ट्रीट लाइट में कैमूर की शानदार उपलब्धि
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत कैमूर जिले में 19,390 के लक्ष्य के विरुद्ध 19,318 स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं। यानी जिले ने इस योजना में 99.63 प्रतिशत प्रगति हासिल कर ली है। वहीं 15वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायतों की वित्तीय प्रगति 71.12 प्रतिशत दर्ज की गई है, जिसके साथ कैमूर ने राज्य स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है।
जिले के 146 पंचायत सरकार भवनों में आरटीपीएस सेवाओं का संचालन भी सुचारू रूप से किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल रहा है।
आवास योजना में भी कैमूर का शानदार प्रदर्शन
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में जिले में 81.55 प्रतिशत आवास पूरे हो चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ कैमूर राज्य में तीसरे स्थान पर बना हुआ है।
वहीं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना में 98.76 प्रतिशत पूर्णता दर के साथ जिला राज्य में छठे स्थान पर है। जिला पदाधिकारी ने भूमिहीन लाभार्थियों को भूमि उपलब्ध कराने और अनापत्ति से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
स्वच्छता अभियान को और तेज करने का आदेश
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत जिले में 97.93 प्रतिशत अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों (WPU) का निर्माण और जियो-टैगिंग पूरा हो चुका है। डोर-टू-डोर कचरा उठाव 94.52 प्रतिशत ग्राम पंचायतों और 91.02 प्रतिशत वार्डों में सक्रिय है।
DM कुमार अनुराग ने पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग को मिलकर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सामुदायिक सोकपिट और सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित शौचालय भुगतान और जियो-टैगिंग कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा।
स्वास्थ्य, ICDS और कृषि की भी हुई समीक्षा
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई। जिले में संस्थागत प्रसव दर 68 प्रतिशत और पूर्ण टीकाकरण 108 प्रतिशत दर्ज किया गया।
ICDS के तहत मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना में कैमूर की उपलब्धि 57.56 प्रतिशत रही और जिला राज्य में छठे स्थान पर है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में जिला आठवें स्थान पर है।
कृषि क्षेत्र में कैमूर ने खरीफ मौसम के दौरान बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। 1,41,003 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत धान रोपनी का कार्य पूरा कर लिया गया है। किसान रजिस्ट्री का कार्य भी 78.04 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
DM का सख्त संदेश—तालमेल की कमी से नहीं रुकेगा विकास
जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने बैठक में स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोपरि है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और फाइलों तथा निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाएं।
उन्होंने दो टूक कहा कि अंतर-विभागीय तालमेल की कमी के कारण किसी भी योजना का काम बाधित या विलंबित नहीं होना चाहिए। सरकार की योजनाओं का असली उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
कैमूर में अब विकास योजनाओं की रफ्तार तेज करने पर प्रशासन का पूरा फोकस है और आने वाले दिनों में लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जा सकती है।
9
9
Leave a review
