टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली नई गति, डुमरा पीएचसी में 200 यक्ष्मा मरीजों को वितरित किए गए फूड बास्केट

Live News 24x7
3 Min Read

-निक्षय मित्रों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ, पोषण सहायता से मरीजों का बढ़ाया उत्साह

-100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत जिले में 5.50 लाख से अधिक लोगों की हुई टीबी स्क्रीनिंग

-समाज के प्रबुद्ध लोगों से निक्षय मित्र बनकर अभियान से जुड़ने की अपील

सीतामढ़ी। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, डुमरा में 200 यक्ष्मा (टीबी) मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में निक्षय मित्र के रूप में माननीय पूर्व विधायक डॉ. मिथिलेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रविंद्र कुमार यादव, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. जेड. जावेद, प्रयोगशाला प्रावैधिक मोहम्मद शमीम आजाद तथा सीता ट्रांसपोर्ट के श्री मनीष हिसारिया ने मरीजों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ को सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने भविष्य में भी अधिक से अधिक टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें न्यूट्रीशनल सपोर्ट उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों से निक्षय मित्र के रूप में आगे आकर इस जनकल्याणकारी अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. रविंद्र कुमार यादव एवं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. जेड. जावेद ने बताया कि जिले में 2 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक 100 दिवसीय विशेष टीबी जागरूकता एवं खोज अभियान का द्वितीय चरण संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत अब तक 5.50 लाख से अधिक लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इसके अलावा 20 हजार से अधिक व्यक्तियों का एक्स-रे तथा 8 हजार से अधिक लोगों की सीबी-नैट जांच कराई गई है। जांच के दौरान 425 नए यक्ष्मा रोगियों की पहचान की गई है, जिनका नियमित उपचार राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जारी है।
कार्यक्रम में यक्ष्मा कर्मी रंजय कुमार, रंजन शरण, पंकज रमन, नोएडा खातून, संजीत कुमार, कृष्ण मोहन कुमार, अंजू कुमारी, कामेश्वर कुमार रवि, देवेंद्र प्रसाद सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जनसहभागिता, समय पर जांच, नियमित उपचार एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर बल दिया तथा लोगों से टीबी के प्रति जागरूक होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।

41
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *