पूर्वी चंपारण के नए जिलाधिकारी के रूप में सौरभ सुमन यादव ने प्रभारी जिलाधिकारी मुकेश सिन्हा से लिया प्रभार

Live News 24x7
3 Min Read

Live News 24×7 के लिए कैलाश गुप्ता।

मोतिहारी। बिहार सरकार के अधिसूचनानुसार पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी के रूप में सौरभ सुमन यादव का पदस्थापन हुआ है। ये भारतीय प्रशासनिक सेवा (2019 बैच) के अधिकारी है और पूर्व में भी ये मोतिहारी सदर के एसडीएम व नगर निगम के आयुक्त के रूप में अपनी कार्य कुशलता से नगरवासियों के दिलों-दिमाग में कायम है। अब सरकार ने पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी के रूप में इन्हें पदस्थापित किया है जिसका इन्होंने अपना आधिकारिक पदभार आज ग्रहण कर लिया है।

गौरतलब हो कि तत्कालीन जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के छुट्टी पर जाने के उपरांत कार्यभार अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा प्रभारी जिलाधिकारी का दायित्व संभाल रहे थे जिनसे श्री यादव ने विधिवत प्रभार ग्रहण कर लिया है।

उक्त मौके पर अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) शैलेंद्र कुमार भारती, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) मो. सिबगतुल्लाह, सहायक समाहर्ता राज कृष्ण झा, वरीय कोषागार पदाधिकारी विजय कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती प्रेमलता,वरीय उप समाहर्ता अमरेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्ञानेश्वर प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

वहीं पदभार ग्रहण करने के पश्चात मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने जिले के विकास और आम जन की समस्याओं के समाधान को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा।

राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को समय से पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया जाएगा ताकि आम जन को उसका समय से लाभ मिल सके। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे- शिक्षा, स्वास्थ्य,कृषि और सामाजिक सुरक्षा इत्यादि का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना सुनिश्चित किया जाएगा।

जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिलाधिकारी श्री यादव ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO), और प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) को निर्देश दिया है कि वे पूरी निष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करें और आम नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनें एवं उसका सहानुभूति पूर्वक समाधान करें।

152
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *