मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए किया गया 9347 लाभुकों का चयन

Live News 24x7
3 Min Read

• उद्योग सह खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कंप्यूटराइज्ड रैंडमाइजेशन के माध्यम से किया चयनित

धीरज गुप्ता।
गया जी। पटना मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दूरदर्शी नेतृत्व में उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह द्वारा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अंतर्गत कंप्यूटराइज्ड रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए लाभुकों का चयन किया गया है।
इस कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन, उद्योग विभाग के सचिव सह एमडी बियाडा एवं आईडीए श्री कुंदन कुमार, निदेशक एम एस एम ई निदेशालय, अमन समीर, निदेशक हस्तकरघा एवं रेशम निदेशालय,डॉ विद्यानंद सिंह, निदेशक उद्योग मुकुल कुमार गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे हैं।
सूचीबद्ध 74 परियोजनाओं के लिए प्राप्त आवेदनों में से जिलावार निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कम्युटराइजड रैंडमाइजेशन
प्रणाली के माध्यम से कुल 9347 नए आवेदकों का औपबंधिक चयन किया गया है।
*औपबंधिक रूप से चयनित लाभुकों में* —
• अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग : 2000
• अति पिछड़ा वर्ग : 2000
• महिला वर्ग : 2000
• युवा वर्ग : 2000
• अल्पसंख्यक वर्ग : 1247
• दिव्यांगजन वर्ग : 100
लाभुक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कोटिवार एवं जिलावार 30 प्रतिशत आवेदनों को प्रतीक्षा सूची में भी रखा जाएगा।
औपबंधिक रूप से चयनित 9347 आवेदनों की स्क्रूटनी के उपरांत आवश्यक कागजातों के सत्यापन के आधार पर अंतिम चयन सूची उद्यमी पोर्टल पर प्रकाशित की जाएगी। अंतिम रूप से चयनित आवेदकों को प्रशिक्षण प्रदान करने के बाद योजना की मार्गदर्शिका के अनुरूप तीन किस्तों में लगभग ₹910.25 करोड़ की परियोजना राशि वितरित की जाएगी। लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के युवाओं के लिए रोजगार एवं आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन रही है।
इस अवसर पर माननीया मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना राज्य के युवाओं, महिलाओं एवं वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी एवं तकनीक आधारित चयन प्रक्रिया से पात्र लाभुकों को निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित किया जा रहा है।
कुंदन कुमार ने कहा कि विभाग द्वारा चयन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, तकनीक-संचालित एवं जवाबदेह बनाया गया है। उन्होंने बताया कि चयनित लाभुकों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें सफल उद्यमी बनाने की दिशा में व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उद्यमी पोर्टल के माध्यम से 15 फरवरी 2026 से 23 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए गए थे।

37
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *