- रक्सौल में समन्वय बैठक आयोजित
अशोक वर्मा
भारत नेपाल सीमा रक्सौल : निर्मला पैलेस, रक्सौल में बुधवार को न्याय नेटवर्क प्रोजेक्ट (डंकन अस्पताल) के तत्वावधान में तथा इंटर एजेंसी ग्रुप, पूर्वी चंपारण के संयुक्त प्रयास से एनजीओ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इंटर एजेंसी ग्रुप के संयोजक अमर ने की, जबकि संचालन न्याय नेटवर्क परियोजना प्रबंधक प्रणय सोमीत मोहंती ने किया।
बैठक का शुभारंभ करते हुए अमर ने कहा कि भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र वर्षों से विकास, शिक्षा और रोजगार के अवसरों से वंचित रहा है। साथ ही हर वर्ष आने वाली प्राकृतिक आपदाओं के कारण मानव तस्करी, बाल मजदूरी, बाल विवाह, कुपोषण और संचार व्यवस्था की कमी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, जो सरकारी उदासीनता के चलते और गंभीर हो रही हैं।
बैठक में उपस्थित सभी सामाजिक संगठनों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि बच्चों को मानव तस्करी, शोषण और अन्य अपराधों से बचाने के लिए सभी संस्थाएं आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करेंगी। इसके अलावा सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, शीघ्र कार्रवाई और पीड़ित बच्चों के पुनर्वास के लिए एक सशक्त नेटवर्क तैयार करने पर भी सहमति बनी।
सभी सदस्यों ने समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा और संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर बिहार इंटर एजेंसी ग्रुप, आशीष परियोजना नेपाल, माइती नेपाल, ग्राम नियोजन केंद्र, बाल रक्षा भारत (सेव द चिल्ड्रेन), चाइल्ड हेल्पलाइन, प्रयास संस्था, स्वच्छ रक्सौल, माहेर ममता निवास, प्रथम संस्था, नेत्रिका फाउंडेशन, सीबीआर प्रोजेक्ट, करुणा प्रोजेक्ट सहित भारत और नेपाल के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में न्याय नेटवर्क परियोजना निदेशक जॉन थो, कामेश पॉल, गौरव कुमार राव, राकेश कुमार, मथुरा राम, हामिद रज़ा, आरती कुमारी, ज्योति सिंह, संजय मिश्रा एवं अनिरुद्ध कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
4