खबर बिहार के रोहतास जिले की है जहां जिले के अकोढी गोला प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बाघाखोह गांव स्थित एक कुएं से बीते 14 मार्च को एक अज्ञात महिला की शव बरामदगी मामले में सोमवार को पुलिस ने हैरतअंगेज खुलासा किया है। पुलिस ने घटना में संलिप्त कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है तथा अन्य दो लोगों की गिरफ्तारी के लिए अभी भी छापेमारी चल रही है। मृतका की पहचान गयाजी की रहने वाली पायल यादव उर्फ पूनम देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी अरवल जिले में हुई थी। मिली जानकारी के अनुसार मृतका का पति अपने एक बच्चे के साथ पटना में रहता है।
घटना के संदर्भ में पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि बाघाखोह गांव में एक कुएं से महिला की शव बरामदगी मामले में मृतका के प्रेमी धर्मेंद्र कुमार समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रेमी धर्मेंद्र कुमार ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ पहले महिला की पुआल के ढेर पर हत्या की, फिर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उसे कुएं में फेंक दिया। पुलिस को पुआल के ढ़ेर से खून के धब्बे, महिला की टूटी हुई चूड़ी एवं अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
पुलिस के समक्ष अपने दिय बयान में घटना के मुख्य आरोपी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीते कई वर्षों से पायल यादव के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। पायल अपने पति एवं एक बच्चे को छोड़ चुकी थी और दोनों आंध्र प्रदेश में एक साथ रहकर मजदूरी का काम करते थे।
दरअसल धर्मेंद्र ने अपनी महिला प्रेमिका को बिना बताये हीं गांव में दूसरी शादी कर ली थी और शादी के बाद से हीं वह गांव रहने लगा था। इस बात की खबर जब पायल यादव को लगी, तो वह गुस्से में लाल हो गई और आनन-फानन में आंध्र प्रदेश से चलकर प्रेमी धर्मेंद्र कुमार सिंह के बघैला थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा गांव आ पहुंची।
पुलिस की पूछताछ में धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि अपने परिवार से प्रेम-प्रसंग की जानकारी छुपाने के लिए उसने पायल की हत्या की है। पहले पायल को उसने बाघा खोह टोला में रह रहे अपने एक रिश्तेदार के पास लेकर आया और रात्रि में मौका देखकर पायल की धारदार हथियार से हत्या के बाद शव को कुएं में फेंक दिया। उसने यह भी बताया कि इस अपराध में बाघा खोह टोला के कामेश्वर सिंह, भाई उपेन्द्र कुमार उर्फ अमिताभ कुमार, पिता नकुल सिंह, ग्रामीण संन्टु कुमार एवं अन्य दो व्यक्तियों ने उसकी मदद की है।
एसपी ने बताया कि काण्ड में फरार चल रहे दो अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा बताये गये तथ्यों का विश्लेषण कर तकनिकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा इनके आपराधिक इतिहास के संबंध में भी जॉच की जा रही है। एसपी ने कहा कि कांड के उद्वेदन में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
150
