ड्राइवर की सूझबूझ से बची 40 यात्रियों की जान, रांची रिंग रोड पर धू-धू कर जली रायपुर जा रही बस

Live News 24x7
3 Min Read
  • रांची के कोचबोंग रिंग रोड पर बुधवार शाम रायपुर जा रही शिवनाथ बस में भीषण आग लग गयी
  • ड्राइवर की तत्परता से 40 यात्री सुरक्षित बचा लिये गये, लेकिन बस जलकर खाक हो गयी. शॉर्ट सर्किट या डीजल लीक होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है

रांची:रांची में बुधवार शाम को एक बड़ा हादसा टल गया. नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाला खरसीदाग इलाके के कोचबोंग रिंग रोड पर अचानक शिवनाथ नामक बस पर आग लग गयी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी. हालांकि, चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण बस में सवार करीब 40 यात्री सुरक्षित बच गये.

रांची से रायपुर के लिए रवाना हुई थी बस

जानकारी के अनुसार शिवनाथ बस बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड से छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए रवाना हुई थी. बस में लगभग 40 यात्री सवार थे. यात्रियों के अनुसार बस जैसे ही कोचबोंग इलाके में पहुंची, तभी बस से धुआं उठता दिखाई दिया. स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया.

दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही फैल गयी थी आग

सवारियों के उतरते ही बस में आग तेजी से फैलने लगी. यात्रियों ने जल्दबाजी में बस की डिक्की से अपना सामान निकालने की कोशिश की. कुछ लोग अपना सामान बचाने में सफल रहे, लेकिन बस की छत पर रखी सब्जी और कॉपी-किताब सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को बुलाया गया. हालांकि दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही आग पूरे बस में फैल चुकी थी. बाद में अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

शॉर्ट सर्किट या डीजल रिसाव की आशंका

प्रारंभिक सूचना के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बतायी जा रही है. वहीं, कुछ यात्रियों का कहना है कि बस की डीजल टंकी से रिसाव हो रहा था, जिससे आग लगने की संभावना है. इस मामले में खरसीदाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका. उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और अब तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. हालांकि बस में लगी आग से वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

104
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *