एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर  ब्राउन शुगर के साथ छह आरोपी गिरफ्तार 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो वाहन और तीन मोबाइल जब्त

Live News 24x7
6 Min Read
  • स्कूटी से नशे की खेप लेकर जा रहे तीन युवकों से पूछताछ में खुला नेटवर्क, रांची और रामगढ़ के छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
रामगढ़:जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर रामगढ़ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो दोपहिया वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
जानकारी के  अनुसार, 3 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:10 बजे एसपी मुकेश कुमार लुणायत को गुप्त सूचना मिली कि एक स्कूटी पर सवार तीन व्यक्ति महुआटांड़ से बोरोबिन की ओर आ रहे हैं। उनके पास ब्राउन शुगर एवं अन्य मादक पदार्थ होने की सूचना थी। एसपी के निर्देश पर सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ के आलोक रंजन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। इसमें रजरप्पा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक कृष्ण कुमार एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने बोरोबिन पुल के पास बैरियर लगाकर महुआटांड़ की ओर से आने वाले वाहनों की जांच शुरू की। शाम करीब 7:45 बजे बोरोबिन चेकनाका की ओर आ रही एक स्कूटी को सशस्त्र बल के सहयोग से रोका गया। स्कूटी पर तीन युवक सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान दिवाकर कुमार ठाकुर (28 वर्ष), कृष्णा नायक (32 वर्ष) और आनंद लकड़ा (20 वर्ष) के रूप में बताई। तीनों रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पूछताछ में खुला नशे की खरीद-बिक्री का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों युवकों से पूछताछ के दौरान दीपक रजक (19 वर्ष), आकाश सिंह उर्फ गोंदू (23 वर्ष) और हेमंत राजभर (27 वर्ष) के नाम सामने आए। पूछताछ में बताया गया कि ये तीनों रजरप्पा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और ब्राउन शुगर खरीदकर रांची तथा आसपास के क्षेत्रों में बेचते हैं। पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, वे स्वयं भी नशीले पदार्थ का सेवन करते हैं।
आरोपियों ने यह भी बताया कि 3 नवंबर को वे महुआटांड़ जाने वाले रास्ते में एक सुनसान जंगली स्थान पर ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे थे। इसके बाद एसआईटी ने छापेमारी कर तीनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
छह गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पते
1. दिवाकर कुमार ठाकुर (28 वर्ष), पिता विजय कुमार ठाकुर, निवासी डुडुआ, जोन्हा, थाना अनगड़ा, जिला रांची।
2. कृष्णा नायक (32 वर्ष), पिता कलपु नायक, निवासी इंद्रा आवास कॉलोनी, जोन्हा, थाना अनगड़ा, जिला रांची।
3. आनंद लकड़ा (20 वर्ष), पिता सोमा लकड़ा, निवासी महुआदिपा, थाना अनगड़ा, जिला रांची।
4. दीपक रजक (19 वर्ष), पिता नागेश्वर रजक, निवासी रजरप्पा प्रोजेक्ट, थाना रजरप्पा, जिला रामगढ़।
5. आकाश सिंह उर्फ गोंदू (23 वर्ष), पिता अजय सिंह, निवासी रजरप्पा प्रोजेक्ट स्टेडियम के पास, थाना रजरप्पा, जिला रामगढ़।
6. हेमंत राजभर (27 वर्ष), पिता गिरवाल राजभर, निवासी महुआटोली, थाना रजरप्पा, जिला रामगढ़।
5.88 ग्राम ब्राउन शुगर समेत कई सामान जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो स्कूटी ,मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
एसपी मुकेश कुमार लुणायत का सख्त संदेश
एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। उनका स्पष्ट संदेश है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे कारोबारियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की नजर नशे की खरीद-बिक्री करने वाले लोगों के साथ-साथ इसके पूरे नेटवर्क पर भी है।
रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में रजरप्पा थाना कांड संख्या 139/26, दिनांक 3 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई में रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्णा कुमार के साथ पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार रजक, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक रोहित राज सिंह, गोला थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार, तकनीकी शाखा रामगढ़ तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। अब पुलिस की आगे की जांच से नशे की खरीद-बिक्री के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
27
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *