- होली में पिस्टल लहरा कर गैंगस्टर राहुल दुबे के नाम का दहशत फैलाने का कर रहा था प्रयास
रामगढ़: रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र में होली के दिन पिस्टल लहरा कर लोगों के बीच गैंगस्टर राहुल दुबे के नाम का दहशत फैलाने के आरोप में एसपी अजय कुमार के द्वारा गठित स्पेशल पुलिस टीम ने एक अपराधी सुजीत डोम उर्फ सुजीत राम को उसके घर में छापा मार कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस टीम ने आरोपी सुजीत डोम के घर से एक देशी पिस्तौल आठ जिंदा कारतूस और एक खाली मैगजीन बरामद किया है।
भुरकुंडा ओपी में पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसपी
एसपी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होली के दिन 04 मार्च 2026 को आपसी विवाद के दौरान भुरकुंडा के बुधबाजार रिवरसाइड निवासी सुजित डोम लोगों को पिस्टल दिखाकर भय का माहौल बना रहा था और इलाके में घूमकर गैंगस्टर राहुल दुबे के नाम का दहशत फैला रहा था। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पतरातु के सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने 05/06 मार्च 2026 की रात सशस्त्र बल के साथ सुजीत डोम के घर की घेराबंदी कर छापा मारा और तलाशी अभियान चलाया। छापामारी के दौरान सुजीत डोम को घर से ही हिरासत में लेकर पूछताछ में उसने बताया कि होली के दिन लोगों को डराने के लिए इस्तेमाल किया गया हथियार उसने अपने कमरे में रखे चादर के बक्से में छुपा रखा है।
उसकी निशानदेही पर बक्से की तलाशी लेने पर एक 7.65 बोर का देशी पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस और एक खाली मैगजीन बरामद किया गया। जब पुलिस ने हथियार और कारतूस के वैध कागजात मांगे तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद अवैध हथियार रखने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में पतरातु (भुरकुंडा) थाना कांड संख्या 55/2026 दिनांक 06 मार्च 2026 को धारा 25(1-B)a/26 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया ।
वहीं होली के दिन हुई घटना को लेकर पहले ही पतरातु (भुरकुंडा) थाना कांड संख्या 53/2026 दिनांक 05 मार्च 2026 को धारा 126(2)/115(2)/109(1)/352/351( 2) बीएनएस 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
राहुल दुबे गैंग से जुड़ा रहा है आरोपी
एसपी अजय कुमार के अनुसार गिरफ्तार अपराधी सुजीत डोम उर्फ सुजीत राम का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में आर्म्स एक्ट, संगठित अपराध और डकैती जैसे कई मामलों में जेल जा चुका है। वह राहुल दुबे गैंग के लिए भदानीनगर रेलवे साइडिंग में लेवी को लेकर हुई गोलीकांड की घटना में भी शामिल था।
इस मामले में पतरातु (भदानीनगर) थाना कांड संख्या 163/2025 में उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। बाद में 10 दिसंबर 2025 को उसे जमानत मिल गई थी। जेल से छूटने के बाद वह फिर से राहुल दुबे के नाम पर क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहा था
गिरफ्तार आरोपी सुजित राम उर्फ सुजित डोम (41 वर्ष), पिता स्वर्गीय अर्जुन राम, निवासी रिवरसाइड बुधबाजार दोतल्ला, थाना पतरातु (भुरकुंडा), जिला रामगढ़, झारखंड का रहने वाला है।उसका स्थायी पता : ग्राम कुटुम्बा, थाना कुटुम्बा, जिला औरंगाबाद, बिहार है।
छापामारी टीम में
गौरव गोस्वामी – सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातु
सत्येन्द्र कुमार – पुलिस निरीक्षक, पतरातु अंचल
शिवलाल गुप्ता – थाना प्रभारी पतरातु
कैलाश कुमार – थाना प्रभारी बासल
उपेन्द्र कुमार – ओपी प्रभारी भुरकुंडा
मो. अख्तर अली – ओपी प्रभारी भदानीनगर
उमाशंकर वर्मा – ओपी प्रभारी बरकाकाना
मंटू कुमार शर्मा – भुरकुंडा ओपी
दिनेश्वर प्रसाद मेहता – भुरकुंडा ओपी
रिजर्व गार्ड, भुरकुंडा ओपी
शामिल थे।
33
