बोखड़ा (सीतामढ़ी)। बोखड़ा थाना क्षेत्र के कुरहर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में सोमवार की रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया। सेफ्टी टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से सात लोग गंभीर रूप से अचेत हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से सभी को टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों की स्थिति अत्यंत नाजुक देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, सीतामढ़ी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान पिता-पुत्र समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान लालू सहनी के 40 वर्षीय पुत्र राजीव सहनी, 30 वर्षीय पुत्र रविन्द्र सहनी, रामबाबू के 26 वर्षीय पुत्र विनय सहनी तथा मृतक राजीव सहनी के 12 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। सभी मृतक कुरहर पंचायत के वार्ड संख्या 12 के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। इस संबंध में अमित रंजन, पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी ने बताया कि एक बच्ची के सेफ्टी टैंक में गिर जाने के बाद उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर लोग टैंक के अंदर उतरते गए। टैंक की गहराई अधिक होने तथा अंदर पर्याप्त हवा का संचार नहीं होने के कारण सभी का दम घुटने लगा, जिससे यह हादसा हुआ।
वहीं स्थानीय स्तर पर कुछ लोग दबी जुबान से यह भी चर्चा कर रहे हैं कि टैंक के अंदर अवैध रूप से शराब बनाने का कार्य किया जाता था, जिससे जहरीली गैस का रिसाव हुआ। हालांकि पुलिस ने कहा है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सेफ्टी टैंक या बंद स्थानों में बिना सुरक्षा उपाय के प्रवेश न करें, क्योंकि ऐसे स्थानों में जहरीली गैस का खतरा बना रहता है।
5