खबर बिहार के गोपालगंज जिले की है जहां गोपालगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां महज 100 रुपये के विवाद में एक कल्युगी बेटे ने अपनी ही मां की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने मौके पर ही आरोपी को पकड़कर धुनाई कर दी। जिसके बाद घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच तेज कर दी है। आपको बता दे कि यह घटना गोपालगंज जिले के उसरी गांव की है जो बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में आता हैै। बताया जा रहा है कि मां और बेटे के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोपी पुत्र ने अपनी मां से 100 रुपये की मांग की थी। मां द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के मुताबिक, गुस्से में आकर बेटे ने घर में रखे धारदार हथियार से अपनी मां पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र भरोसा रावत को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला घरेलू आर्थिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
वही इस घटनो को लेकर सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के उसरी गांव से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने मामूली विवाद में अपनी मां की हत्या कर दी है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और हत्या में प्रयुक्त हथियार को जब्त कर लिया। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी की मानसिक स्थिति, पारिवारिक तनाव या नशे की लत जैसे अन्य कारण तो घटना के पीछे नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में पहले भी पैसों को लेकर विवाद होता रहता था। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों और पारिवारिक कलह के गंभीर परिणामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन लोगों के मन में आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है।
24