मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 17 को आयेंगे मोतिहारी, तैयारियां तेज, डीआईजी हर किशोर राय ने डीएम, एसपी के साथ कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

Live News 24x7
5 Min Read

Live News 24×7 के लिए मोतिहारी से नरेंद्र झा।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 16 जनवरी से अपनी बहुप्रतीक्षित समृद्धि यात्रा पर निकल रहे हैं। इस यात्रा की शुरुआत वे पश्चिम चंपारण जिले से करेंगे। यात्रा के दूसरे दिन यानी 17 जनवरी को मुख्यमंत्री पूर्वी चंपारण के जिला मुख्यालय मोतिहारी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में है और तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

*गांधी मैदान में होगा मुख्य कार्यक्रम*

_मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मोतिहारी में मुख्य कार्यक्रम गांधी मैदान में प्रस्तावित है, जहां वे जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे समृद्धि यात्रा के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और कुछ पूर्ण हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार बैठकें और निरीक्षण किए जा रहे हैं।

*डीआईजी, डीएम और एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा*

_मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय, जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात गांधी मैदान पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कई डीएसपी और भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।_

*मंच, बैरिकेडिंग और प्रवेश मार्ग पर विशेष फोकस*

_निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, आम जनता और वीआईपी के प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। कार्यक्रम स्थल को अलग-अलग जोन में बांटने और प्रत्येक जोन में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर चर्चा की गई।

डीआईजी हरकिशोर राय ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिया कि यह पहले से तय किया जाए कि लोग किन-किन इलाकों से आएंगे, किस गेट से प्रवेश करेंगे और किस मार्ग से बाहर जाएंगे।

_डीआईजी ने यह भी बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कितने पुलिस जवान तैनात होंगे, किन स्थानों पर अतिरिक्त बल रहेगा और कहां मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगेगी-इन सभी बिंदुओं पर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

_जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधा, बिजली और यातायात व्यवस्था को लेकर अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

*चाक-चौबंद सुरक्षा का दावा, ड्रोन से होगी निगरानी*

_पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की योजना बनाई जा रही है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

*योजनाओं की करेंगे समीक्षा, जन संवाद भी होगा*

_गौरतलब है कि समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के समय जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया था, उनकी वर्तमान स्थिति का जायजा लेंगे। इसके साथ ही कुछ पूर्ण हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। गांधी मैदान में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आम लोगों से सीधे संवाद भी करेंगे।

_मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मोतिहारी में तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। प्रशासन और पुलिस लगातार फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है।

69
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *