गया जी के गोपालपुर में महाबोधि मेडिकल कालेज एंड हॉस्पिटल का उद्घाटन, बोले डिप्टी सीएम-बुलडोजर कार्रवाई से नहीं बचेगा अपराध
गया जी।
बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था के विस्तार और अपराध के खिलाफ सख्त रुख का स्पष्ट संदेश देते हुए उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने गयाजी के शेरघाटी प्रखंड अंतर्गत गोपालपुर में महाबोधि मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से बदल रहा है और अब यहां पूरी तरह कानून का राज स्थापित होगा। माफिया,अपराधी और नक्सलियों के खिलाफ सरकार आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने घोषणा की कि अगले तीन वर्षों में बिहार के सभी जिलों में मेडिकल कालेज खोले जाएंगे, ताकि राज्य का कोई भी बच्चा पढ़ाई या इलाज के लिए बाहर जाने को मजबूर न हो। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने रिमोट के माध्यम से महाबोधि मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल का उद्घाटन करते हुए कहा कि बिहार में अब माफियाओं और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। प्रशासन ने सड़क की सफाई शुरू कर दी है और अब अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन्होंने सरकारी जमीन पर कब्जा कर भवन या अन्य निर्माण कर लिया है, वे आवेदन दें 24 घंटे के भीतर बुलडोजर की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य भयमुक्त बिहार बनाना है, जहां आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे और अपराधी कानून से डरें।
नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार,माफियाओं का इलाज करेंगे
सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सल मुक्त बनाया जाना है। बिहार इस लक्ष्य को समय से पहले हासिल करेगा। उन्होंने दो टूक कहा कि आने वाले कुछ महीनों में नक्सली या तो जेल में होंगे या फिर उनका अंतिम स्थान गया जी होगा। यह सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है कि नक्सलवाद के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। डिप्टी सीएम ने सख्त लहजे में कहा कि उन्हें सभी माफियाओं का इलाज करने की जिम्मेदारी मिली है और ऐसा इलाज किया जाएगा कि उन्हें नीतीश कुमार का सुशासन हमेशा याद रहेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में बुलडोजर कार्रवाई भी चल रही है और आगे भी अपराध व माफिया के खिलाफ ऐसे कदम उठाए जाएंगे, जिससे कानून व्यवस्था मजबूत हो।
बिहार का बच्चा बाहर नहीं जाएगा,महिला सुरक्षा पर सरकार गंभीर
सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार में ऐसी स्थिति बनाई जाएगी कि राज्य का कोई बच्चा रोजगार या शिक्षा के लिए बाहर न जाए। बिहार में ही पर्याप्त अवसर और संसाधन विकसित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन को बिहार में पूरी मजबूती के साथ लागू किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेजों का विस्तार इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। डिप्टी सीएम ने महिला सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि स्कूल और कॉलेज जाने वाली बेटियों के साथ अगर किसी ने छेड़छाड़ की तो उसकी जगह सीधे जेल में होगी। अपराधी किसी भी कीमत पर नहीं बच पाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार को भयमुक्त राज्य बनाना सरकार का संकल्प है।
गया का पहला निजी मेडिकल कालेज
सम्राट चौधरी ने महाबोधि मेडिकल कॉलेज को गया का पहला निजी मेडिकल कॉलेज बताते हुए इसके संस्थापकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि गया ज्ञान और मोक्ष की धरती है। जिस प्रकार उत्तर प्रदेश में भगवान राम का भव्य मंदिर बना है, उसी तरह बिहार में माता सीता का भव्य मंदिर स्थापित किया जा रहा है, जो राज्य की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा।
गयाजी बनेगा औद्योगिक हब : डा. प्रेम कुमार
कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डा. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार में विकास के क्षेत्र में क्रांति आई है। गया आने वाले समय में देश का बड़ा औद्योगिक हब बनने जा रहा है। डोभी जीटी रोड के किनारे 1670 एकड़ में औद्योगिक कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलेगी।
मेडिकल शिक्षा में बिहार की बड़ी छलांग : मंगल पांडेय
स्वास्थ्य मंत्री डा. मंगल पांडेय ने कहा कि पिछले सात वर्षों में बिहार में 15 नए सरकारी और गैर-सरकारी मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं। पहले राज्य में मात्र 9 मेडिकल कॉलेज थे। अब दूसरे राज्यों के छात्र भी बिहार आकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। अगले चार वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 38 हो जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल यूजी की लगभग 1.5 लाख सीटें हैं, जिन्हें केंद्र सरकार और बढ़ाने पर जोर दे रही है। निकट भविष्य में पांच और नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे।
गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी
इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन, शेरघाटी विधायक उदय कुमार, अतरी विधायक रोमित कुमार, लाइव सिटीज के निदेशक ज्ञानेश्वर वात्स्यायन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे हैं। महाबोधि मेडिकल कालेज के निदेशक राजेश पांडेय और सचिव रूबी कुमारी ने अतिथियों को गौतम बुद्ध की प्रतिमा, विष्णु चरण, अंगवस्त्र और अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया गया है। इस कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, चिकित्सक, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन ने गया सहित पूरे मगध क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास की नई उम्मीद जगा दी है।गयाजी के गोपालपुर में महाबोधि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के उद्घाटन के मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएम सहकारी मंत्री सम्राट चौधरी को बुके लेकर स्वागत करते भाजपा नेता संदीप सिंह उर्फ सनी सिंह व अन्य उपिस्थति थे।।
23