**पूर्वी चंपारण जिला के सभी 4095 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की रहेगी तैनाती
** मतदान केंद्र को बनाया गया है मतदाता फ्रेंडली
** मतदान केंद्र पर दिव्यांगजन मतदाताओं के लिए रहेगी ट्राई साइकिल की व्यवस्था
Live News 24×7 के लिए कैलाश गुप्ता।
मोतिहारी। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वच्छ निष्पक्ष भय मुक्त, प्रलोभन मुक्त एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन कृत संकल्पित है।
बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के अवसर पर पूर्वी चंपारण जिला में द्वितीय चरण अंतर्गत 11 नवंबर 2025 को मतदान होना है। मतदान सुबह 7:00 बजे से संध्या 6:00 बजे तक चलेगा। मतदान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।

आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री सौरभ जोरवाल के द्वारा बताया गया कि जिला के सभी 4095 मतदान केंद्रों पर पूर्ण पारदर्शी माहौल में मतदान कराया जाएगा। इसके लिए सभी मतदान केंद्र पर दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एक कैमरा मतदान कक्ष के अंदर और एक कैमरा कक्ष के बाहर रहेगा। कैमरे इस तरह के हैं जिसमें आवाज की भी रिकॉर्डिंग होगी एवं जिला नियंत्रण कक्ष से उसकी लगातार मॉनिटरिंग किया जाएगा। उनके द्वारा बताया गया कि सभी मतदान केंद्रों से बेव कास्टिंग कराई जाएगी एवं बड़े मतदान केंद्र अथवा संवेदनशील मतदान केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसकी अतिरिक्त मतदान केंद्र पर बिहार मिलिट्री पुलिस एवं जिला पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं। मतदान केंद्र पर आम मतदाताओं की सहायता के लिए वॉलिंटियर्स रहेंगे। पर्दा नशी मतदाताओं की जांच के लिए महिला कर्मी को भी प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी मतदान केंद्र पर मोबाइल होल्डर की व्यवस्था कराई गई है ताकि मतदाता अगर मोबाइल के साथ जाएं तो मतदान कक्ष में प्रवेश से पहले ही अपने मोबाइल को मोबाइल होल्डर में जमा करा दें।
जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि आज मतदान के दो दिन पहले निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में सभी मतदान कर्मियों का पार्टी मिलान कर दिया गया है।सभी लोग एक दूसरे का मोबाइल नम्बर शेयर कर लिए हैं। कल दिनांक 10. 11. 2025 को डिस्पैच सेंटर से सभी पार्टी को मतदान केंद्र पर भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला के सभी 12 विधानसभा क्षेत्र में कुल 95 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जिला में लगभग 1300 मतदान केंद्र ऐसे हैं जिनका जिम्मा दो पुरुष और दो महिला कर्मियों से पर रहेगा। लगभग 120 मतदान केंद्र ऐसे बनेंगे जहां केवल महिलाएं मतदान केंद्र को संचालित करेंगी।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक आदर्श बूथ बनाया गया है एवं एक यूथ बूथ भी बनाया गया है।जिलाधिकारी ने कहा कि मतगणना 14 नवंबर को होनी है।मतगणना के लिए दो केंद्र बनाए गए हैं। एक केंद्र एमएस कॉलेज मोतिहारी में है और दूसरा मतगणना केंद्र डाइट छतौनी में बनाया गया है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जिला में कुल 21000 से ज्यादा बाहर से फोर्स आई हुई है। कुल 250 कंपनी फोर्स आई है जिसमें 150 केंद्रीय कंपनी है। जिला में मतदान को व्यवस्थित रूप से करने के लिए 101 QRT की टीम मतदान के दिन भ्रमणशील रहेगी। मतदान केंद्र की सुरक्षा चार लेयर में की गई है, जिसमें मतदान केंद्र पर फोर्स की तैनाती रहेगी, इसके ऊपर सेक्टर पदाधिकारी रहेंगे, सेक्टर सुपर जोनल कार्य करेंगे और जोनल से ऊपर सुपर जोनल दंडाधिकारी की नजर रहेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय अर्ध सैनिक बल की सभी कंपनी जिला में आ गई है एवं सभी लोगों को ब्रीफ कर दिया गया है। सभी लोग पूरे जिले में फैल चुके हैं, लोगों से मिल रहे हैं, बातें कर रहे हैं एवं कॉन्फिडेंस बिल्डिंग का कार्य भी किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कर दिया कि बूथ के आसपास अनावश्यक जमवाड़ा या फिर किसी भी तरह की हंगामा की सूचना मिलने पर कठोर से कठोर कार्रवाई करने का निर्देश जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि 200 से ज्यादा कुख्यात अपराधियों के हाल फिलहाल में थाना/जिला बदर किया गया है।कुल 15 से ज्यादा अपराधियों का जेल ट्रांसफर किया गया है।
जिले में कुल 06 मामले मॉडल कोड आफ कंडक्ट के उलंघन संबंधित प्राप्त हुए, सभी में एफआईआर दर्ज कर दिया गया है। इंडो-नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है। वहां पर सीमा सुरक्षा बल और जिला पुलिस बल के द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि मतगणना के लिए जो स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं उसका तीन लेयर में सुरक्षा किया गया है और सीसीटीवी के माध्यम से पूरी निगरानी रखी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मतदान के दिन संध्या पहर में मोतिहारी में ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा जिसकी सूचना समय से दे दी जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि ईवीएम को जहां जमा कराना है वहां के आसपास के क्षेत्र में यातायात सुगम रहे। उन्होंने कहा कि मतगणना की सारी प्रक्रिया निर्वाचन लड़ने वाले प्रतिनिधि अथवा उनके एजेंट देख सकेंगे। यह व्यवस्था पूरी पारदर्शी बनाई गई है।
वही प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा जिला के संपूर्ण मतदाताओं से मतदान करने की अपील की गई।
42