- जीतन राम मांझी ने भरी हुंकार मेरी अंतिम इच्छा है, अतरी का विकास
गया जी।बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को अतरी विधानसभा (233) से चुनावी समर की औपचारिक शुरुआत हो गई। एनडीए गठबंधन के हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) प्रत्याशी रोमित कुमार ने विधानसभा कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के पांचवें दिन तक अतरी क्षेत्र से कुल 15 एनआर रसीद कट चुकी हैं, लेकिन औपचारिक रूप से पर्चा भरने वाले वे पहले उम्मीदवार बने। निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने बताया कि मतदान से पूर्व सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नामांकन के बाद खिजरसराय प्रखंड के मनसा बिगहा के समीप आशीर्वाद सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता भाजपा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दया शंकर ने की जबकि संचालन बथानी के पूर्व प्रमुख मनोज कुमार ने किया। सभा में केंद्रीय मंत्री एवं हम के राष्ट्रीय संरक्षक जीतन राम मांझी स्वयं पहुंचे और समर्थकों में जोश भरते हुए भावुक अपील की। मेरा जन्मभूमि और ननिहाल दोनों अतरी में है। जीवन में कई पद मिले, मंत्री और उपमुख्यमंत्री भी बना, लेकिन अपने क्षेत्र के लिए काम करने का अवसर नहीं मिला। इस बार मेरा सपना है कि अतरी का विकास करूं। आप लोग मेरे प्रत्याशी को अंतिम अवसर देकर आशीर्वाद दें, भले ही कफन ही क्यों न ओढ़ना पड़े।
उन्होंने आगे कहा कि जीत होने पर सोन नदी से फल्गु नदी तक पानी पहुंचाने जैसी योजनाओं पर कार्य होगा, जिससे अतरी में विकास की धाराएं बहेंगी।
हम प्रत्याशी रोमित कुमार ने भी जनता के सामने परिवर्तन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अतरी में बीस-पच्चीस वर्षों से जो साम्राज्य स्थापित है, उसे ध्वस्त करने का समय आ गया है। यहां का असली क्षत्रिय कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि अतरी की महान जनता है। मैं बच्चों के भविष्य, शिक्षा और विकास के लिए आपका आशीर्वाद लेने आया हूं।सभा स्थल पर एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ हजारों की संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ी, जिसने यह संकेत दे दिया कि अतरी की धरती इस बार महासमर के लिए पूरी तरह तैयार है।
72
