खबर बिहार के सुपौल जिले की है जहां सुपौल के छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में शौचालय निर्माण को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे चंदन राम ने अपने दो सगे भाइयों सुशील राम, सुनील राम और भतीजे गुड्डू राम पर गोली चला दी।
घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छातापुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया। तीनों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
माधोपुर निवासी चंदन राम और उसके दोनों बड़े भाई सुशील राम और सुनील राम के बीच लंबे समय से शौचालय निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था। यह पारिवारिक विवाद शुक्रवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया।घटना की सूचना मिलते ही छातापुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चंदन राम को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। एसपी शरथ आरएस ने प्रेस रिलीज जारी कर घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छातापुर पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले पर निगरानी रख रही है।
201
