अशोक वर्मा
मोतिहारी : जिला कांग्रेस कमिटी, मोतिहारी के अध्यक्ष ई० शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय ने आज कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार 12 जून , गुरुवार को सुबह 11 बजे cwc के स्थाई आमंत्रित सदस्य सह राज्यसभा सांसद डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में मोतिहारी कचहरी चौक पर सभा सम्बोधन किया जायेगा एवं “नौकरी दो या सत्ता छोड़ो” नारे के साथ जिला रोजगार कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
ई० शशिभूषण राय ने बताया कि यह घेराव राज्य और केंद्र सरकार की युवाविरोधी नीतियों, बेरोजगारी की भयावह स्थिति, और भर्तियों में घोटाले व लापरवाही के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की जन-संवेदनशील लड़ाई का हिस्सा है।
ई० गप्पू राय ने कहा कि बिहार में करोड़ों युवा योग्य होने के बावजूद नौकरी के इंतजार में भटक रहे हैं। नियोजन की घोषणाएं तो होती हैं, लेकिन भर्तियां या तो रद्द हो जाती हैं या वर्षों तक लटकी रहती हैं। वहीं दूसरी ओर, सरकार विज्ञापनबाजी और आंकड़ों की बाजीगरी से हकीकत छिपा रही है।
उन्होंने कहा कि आज का युवा हताश, कुंठित और आक्रोशित है। डिग्री है, मेहनत है, पर रोजगार नहीं। इसके लिए ज़िम्मेदार नीतीश-मोदी सरकार की दोहरी नीति है जो सिर्फ उद्योगपतियों और कॉर्पोरेट घरानों के पक्ष में काम कर रही है।
ई० राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर बेरोजगार युवा की आवाज़ बनकर खड़ी है। इसीलिए हम पूरे बिहार में “नौकरी दो या सत्ता छोड़ो” का उद्घोष कर रहे हैं। कल जिला मुख्यालय में कांग्रेस जन, युवा, छात्र, महिला और किसान संगठन के प्रतिनिधि मिलकर इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में भाग लेंगे।
उन्होंने आम जनता, युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों से अपील की कि वे इस घेराव कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं और सरकार को चेताएं कि अब बेरोजगारी पर चुप्पी नहीं, सीधी जवाबदेही चाहिए।
मुख्य मांगें:
• सभी लंबित भर्तियों की त्वरित प्रक्रिया और नियुक्ति
• रोजगार कार्यालयों की निष्क्रियता पर जवाबदेही तय की जाए
• युवाओं के लिए सशक्त और पारदर्शी रोजगार नीति लागू हो
• संविदा/मानदेय व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नियुक्तियां दी जाएं
• स्नातक, तकनीकी, डिप्लोमा धारकों के लिए विशेष रोजगार अभियान चलाया जाए
इस मौके पर जिला युवा प्रभारी ओमप्रकाश कुशवाहा, प्रो ० विजय शंकर पाण्डेय, शैलेन्द्र कुमार सिंह, g जिला युवा अध्यक्ष बिट्टू यादव,जिला महिला अध्यक्ष किरण कुशवाहा, विजय कुमार जायसवाल, ओशैर्दुर रहमान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहें।
139