मेहसी की बदहाल सड़कें बनीं लोगों के लिए सिरदर्द, नल-जल योजना भी फेल

Live News 24x7
4 Min Read
  • जनप्रतिनिधियों से नाराज़ हैं लोग, मानसून से पहले मरम्मत की उठी मांग
अशोक  वर्मा 
मेहसी : मेहसी नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चौक बाजार की सड़कों की हालत इन दिनों बेहद खराब हो चुकी है। हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। शुक्रवार सुबह की बारिश ने सड़कों की जर्जरता की पोल खोल दी। जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेहसी नगर क्षेत्र की कोई भी सड़क अच्छी हालत में नहीं है। टूटी और गड्ढे वाली सड़कें अब इस नगर पंचायत की पहचान बन चुकी हैं।  स्टेट बैंक चौक से लेकर घरियारी चौक, चौक बाजार होते हुए बहादुरपुर गंज चौक तक की सड़कें इस कदर खराब हो चुकी हैं कि लोग इस मार्ग पर चलने से डरते हैं। कई राहगीर तो फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। नागरिकों में गहरा आक्रोश है और वे जनप्रतिनिधियों से बेहद नाराज़ नजर आ रहे हैं।
विकास के वादे ज़मीनी हकीकत से कोसों दूर
लोगों का कहना है कि ‘डबल इंजन सरकार’ की चमचमाती सड़कों का दावा मेहसी में आकर पूरी तरह फेल हो जाता है। नगर पंचायत के अंतर्गत विकास के नाम पर सिर्फ कागजी योजनाएं बनाई जाती हैं, लेकिन अमल में कुछ नहीं लाया जाता।
सड़कें ही नहीं, बल्कि नगर क्षेत्र में अन्य मूलभूत सुविधाओं की हालत भी खराब है। नालों का निर्माण बेतरतीब तरीके से किया गया है, जिससे बारिश के समय जलजमाव आम बात हो जाती है।
नल-जल योजना भी बनी मज़ाक
नगर पंचायत क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। पांच वर्ष पहले सभी वार्डों में नल-जल योजना के अंतर्गत बोरिंग कराए गए थे, लेकिन आज भी लोगों को स्वच्छ पानी नहीं मिल पा रहा है। पानी की सप्लाई  पूरी तरह बंद है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उदासीनता के कारण यह योजना पूरी तरह विफल हो गई है। लोगों को मजबूरन निजी हैंडपंप या टैंकर, आर ओ का पानी मंगवाना पड़ता है।
सरकारी आदेश के बाद भी काम शुरू नहीं
15 मार्च 2025 को हुई मंत्री परिषद की बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा प्रखंड क्षेत्र की 23 सड़कों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए टेंडर जारी करने का निर्देश दिया गया था। पूरे पूर्वी चंपारण जिले में कुल 497 सड़कों के नवीनीकरण और पुनर्निर्माण के आदेश दिए जा चुके हैं। बावजूद इसके, मेहसी नगर पंचायत में अब तक न तो कोई काम शुरू हुआ है और न ही कोई प्रशासनिक हलचल दिख रही है।
नागरिकों की मांग – जल्द शुरू हो मरम्मत कार्य
स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि मानसून से पहले नगर पंचायत क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत अविलंब शुरू की जाए। लोगों का कहना है कि अगर यही हाल रहा, तो आने वाले दिनों में हालात और भी भयावह हो सकते हैं।
152
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *