जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने खाई फाइलेरिया रोधी गोलियां, कहा सुरक्षित है दवा सभी खाएं

Live News 24x7
3 Min Read
  • जिले में सर्वजन दवा सेवन का हुआ शुभारंभ 
  • सिविल सर्जन और जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने भी खाई फाइलेरिया रोधी दवाएं
वैशाली। सदर अस्पताल कैंपस में सोमवार को जिले में सर्वजन दवा सेवन अभियान की शुरुआत हुई। इसका शुभारंभ जिलाधिकारी यशपाल मीणा, पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा, सिविल सर्जन डॉ श्याम नंदन प्रसाद ने तीन तरह की फाइलेरिया रोधी दवाएं खाकर की। शुभारंभ के मौके पर जिलाधिकारी यशपाल मीणा ने कहा कि फाइलेरिया के संक्रमण से बचाने वाली यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है। इसे कोई भी स्वस्थ व्यक्ति खा सकता है। दवाओं के प्रतिकूल असर पर घबराएं नहीं। इसके लिए प्रत्येक प्रखंड स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा ने कहा कि फाइलेरिया गंभीर बीमारी है। यह लोगों को आजीवन अपंग बना देती है। इस बीमारी का संक्रमण न फैले इसलिए यह फाइलेरिया रोधी दवाएं दी जा रही हैं। यह पूरी तरह सुरक्षित है। कार्यक्रम के शुभारंभ में जिला भीबीडीसी पदाधिकारी डॉ गुड़िया कुमारी ने डीएम,एसपी और सिविल सर्जन को पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया।
खाली पेट न लें दवा:  
शुभारंभ के मौके पर सिविल सर्जन ने बताया कि यह दवा दो वर्ष से ऊपर के लोगों को दी जाएगी। जिले में इस बार भी ट्रिपल ड्रग थेरेपी के तहत ही दवा दी जाएगी। जिसमें आइवरमेक्टिन,डीईसी और एल्बेंडाजोल की गोली दी जाएगी। खाली पेट इस दवा का सेवन न करें। दो वर्ष से कम उम्र के बच्चे,गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों तथा गर्भवती महिलाओं को यह दवा नहीं खानी है।
17 दिनों का होगा पूरा अभियान: 
मौके पर जिला भीबीडीसी पदाधिकारी डॉ गुड़िया कुमारी ने बताया कि कुल 17 दिन चलने वाले इस अभियान के दौरान पहले 14 कार्यदिवस में डोर टू डोर जाकर दवा खिलाई जाएगी। वहीं अंतिम के तीन कार्य दिवस में स्कूलों में छात्र -छात्राओं के बीच दवा मध्याह्न भोजन के बाद खिलाई जाएगी। किसी भी हाल में दवा का वितरण नहीं होगा।
सामान्य लोग ने भी खाई दवा: 
शुभारंभ के मौके पर अस्पताल परिसर में आने वाले लोगों को भी फाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाई गयी। लोगों को उनकी हाइट के अनुसार आइवरमेक्टिन तथा उम्र के अनुसार डीईसी की गोली दी गयी। वहीं हर व्यक्ति को एक एल्बेंडाजोल की गोली भी दी गयी। शुभारंभ के मौके पर करीब 250 लोगों ने ट्रिपल ड्रग थेरेपी के तहत दवाओं का सेवन किया। मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ कुमार मनोज, डॉ मीरा सिंह, डीसीएम निभा रानी सिन्हा, भीबीडीसी राजीव कुमार, भीबीडीसी कार्यालय के अनिकेत कुमार,अमित कुमार, कुमार धीरेन्द्र सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
217
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *