बिहार में शराब माफियाओं का मनोबल अब इतना बढ़ गया है कि वे पुलिस वालों पर ही जानलेवा हमला कर दे रहे है। आपको बता दे कि ताजा मामला बिहार के बांका जिले से सामने आया है जहां जिले के फुल्लीडूमर थाना क्षेत्र में छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर मंगलवार की देर रात शराब माफियाओं ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में उत्पाद विभाग के 4 पुलिसकर्मी की जख्मी हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं उत्पाद विभाग के वाहन चालक को गंभीर अवस्था में भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना के बाद बांका डीएसपी विपिन बिहारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचकर जायजा लियां। मिली जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग के 10 पुलिसकर्मी छापेमारी में गए हुए थे। इस हमले में उत्पाद विभाग का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार बांका के फुल्लीडूमर थाना क्षेत्र अंतर्गत भितिया गांव के गोरायडीह गांव में उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर शराब को लेकर छापेमारी करने के लिए करीब 10 की संख्या में उत्पाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। छापेमारी के दौरान अचानक शराब माफियाओं ने उत्पाद विभाग की टीम पर ईंट-पत्थर से हमला करने लगा।
भागने के क्रम में गोबरदहा गांव के पास शराब माफियाओं के झुंड ने उत्पाद विभाग टीम के वाहनों के आगे रास्ता ब्लॉक करते हुए फिर से हमला कर दिया। इसी दौरान चालक सुनील कुमार यादव को पत्थर लगने के बाद उत्पाद विभाग का वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। जिसमें वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हमले में पांच उत्पाद विभाग टीम के पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। सभी को गंभीर अवस्था में बांका सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर सौरभ कुमार सुमन ने इलाज के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
छापेमारी का नेतृत्व कर रहे एसआई गौरी शंकर ने बताया कि छापेमारी दल में कुल 10 पुलिसकर्मी शामिल थे। जिसमें से 4 पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं । जिसमें एसआई गौरी शंकर एवं सिपाही शिल्पा कुमारी, आरती और चंदन कुमार का इलाज सदर अस्पताल बांका में चल रहा है ।
बांका डीएसपी विपिन बिहारी ने बताया कि शराब को लेकर उत्पाद विभाग की टीम छापेमारी करने के लिए गई हुई थी। छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग के टीम पर हमला किया गया। जिसमें से उत्पाद विभाग के जवान जख्मी हुए हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं हमला करने वाले आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस उक्त गांव में छापेमारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
243
