मुंबई : छठ महापर्व की भक्ति, लोक आस्था और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को समर्पित नया छठ गीत रिलीज हो गया है।
गायिका पल्लवी सिन्हा की सुरीली आवाज में प्रस्तुत इस गीत के माध्यम से छठी मइया और भगवान सूर्य की आराधना को भावपूर्ण संगीतमय अंदाज में पेश किया गया है। गीत को लेकर छठ व्रतियों और भोजपुरी संगीत प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।
साईं विनायक के. फिल्म्स के बैनर तले निर्मित इस गीत का निर्देशन कुंदन सिंह ने किया है। गीत के बोल धीरज कुमार ने लिखे हैं, जबकि संगीत रोमी मुखर्जी ने तैयार किया है। रंजन उपाध्याय ने छायांकन और धनशील कुमार ने संपादन किया है।
निर्देशक कुंदन सिंह ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक है। इस गीत के माध्यम से छठ की पवित्रता, लोक परंपरा और श्रद्धा को खूबसूरती से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। उनकी कोशिश रही है कि गीत के दृश्य और संगीत दर्शकों को छठ के पारंपरिक माहौल से जोड़ सकें।
उन्होंने बताया कि लोक आस्था और बिहार की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने के साथ-साथ फिल्म में बिहार पुलिस के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को भी दिखाया गया है। एक दृश्य में बिहार पुलिस के जवानों को त्योहार के दौरान अपने परिवार और निजी खुशियों से दूर रहकर कर्तव्य निभाते हुए दिखाया गया है। यह दृश्य बेहद मार्मिक है और दर्शकों को भावुक करने के साथ ही पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान का भाव भी जगाता है।
गायिका पल्लवी सिन्हा ने कहा कि छठ गीत गाना उनके लिए विशेष भावनात्मक अनुभव है। छठ महापर्व हमारी संस्कृति और आस्था से गहराई से जुड़ा है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि उनकी आवाज में प्रस्तुत यह गीत श्रोताओं को पसंद आयेगा और छठी मइया के प्रति उनकी श्रद्धा को और मजबूत करेगा।
36