बगहा में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या कर दी गई, फिर शव को जला दिया गया। घटना रामनगर थाना क्षेत्र के मठिया गांव की है। घटना सोमवार की देर रात की है। मृतका की पहचान नवलपुर थाना क्षेत्र के नवलपुर निवासी किशोर शर्मा की बेटी सुनीता देवी(20) के रूप में हुई है।
मृतका के पिता किशोर शर्मा ने मंगलवार की शाम रामनगर थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना के बारे में रामनगर थानाध्यक्ष अनंत राम ने बताया कि मृतका के पिता ने आवेदन दिया है। इसमें बताया कि पिछले साल 21 मई को उन्होंने अपनी बेटी सुनीता की हिंदू रीति रिवाज के साथ मठिया गांव के स्वर्गीय राम निवास शर्मा के बेटे शैरून शर्मा से शादी कराई थी।
किशोर शर्मा का आरोप है कि शादी के बाद से ही विवाहिता की सास, पति सहित परिवार के अन्य सदस्य बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। अक्सर ताना मारते और मारपीट कर गाली गलौज करते थे। वहीं, सोमवार की रात महिला की हत्या कर शव को जला दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
