मझौलिया।शुगर इंडस्ट्रीज मझौलिया में शुक्रवार को 24 घंटे के अष्टयाम, रामधुन कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गन्ना पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कांटा और डोंगा का विधिवत पूजन किया गया। आचार्य चुनचुन पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। इसके बाद डोंगा में गन्ना डालकर नए पेराई सत्र की शुरुआत की गई। मिल प्रबंधन ने किसानों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।सीएफओ आरके गनेरीवाला ने बताया कि चीनी मिल किसानों की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है। इस वर्ष प्रतिदिन 65 हजार क्विंटल गन्ना पेराई की क्षमता के साथ पूरे सत्र में 70 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को गन्ने का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में समय पर किया जाएगा।वहीं, सीजीएम उदयवीर सिंह ने कहा कि शुभ मुहूर्त में पूजा के बाद नए सत्र की शुरुआत की गई है। जल्द ही किसानों के बीच गन्ना कटाई की पर्चियां वितरित की जाएंगी। गन्ना महाप्रबंधक अखिलेश सिंह ने किसानों से साफ-सुथरा और गुणवत्तापूर्ण गन्ना आपूर्ति करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी तीन दिनों के भीतर भुगतान किया जाएगा। साथ ही मिल परिसर में किसानों को बिड़ला के उत्पाद चाय भी उपलब्ध कराई जाएगी।इस दौरान टायर कांटा पर बिरहा गांव के किसान प्रमोद यादव को बैल के साथ तथा ट्रैक्टर कांटा पर भानाचक के झगरू बैठा को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।मौके पर चनपटिया के पूर्व विधायक उमाकांत सिंह, जीएम तकनीकी योगेंद्र प्रसाद, सर्वेश दुबे, एपी सिंह, एचआर हेड हरीश सिंह, किसान सुरेंद्र पांडेय, सोनू राय, अली असगर, विनय शाही, सुरेश शाह, तोता सिंह, विभूति राय सहित सैकड़ों किसान एवं मिलकर्मी उपस्थित रहे।
25