कोयला चुन रही महिलाओं पर गिरा कोयले का भारी पहाड़

Live News 24x7
4 Min Read

झारखंड के बोकारो जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। बोकारो के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत कथारा ओपी क्षेत्र में स्थित सीसीएल (CCL) की कथारा कोलियरी में कोयले का ऊंचा ढेर अचानक भरभराकर ढह गया। इस भीषण हादसे में कोयले के मलबे के नीचे दबने से तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब स्थानीय ग्रामीण और महिलाएं अपनी आजीविका तथा घर के चूल्हे के लिए रिजेक्ट कोयला चुनने स्टॉकयार्ड में पहुंची थीं। अचानक हुए इस हादसे से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा ले रहे हैं।

तड़के सुबह हुआ हादसा, स्टॉकयार्ड में कोयला चुन रही थीं ग्रामीण महिलाएं

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक हादसा गुरुवार तड़के करीब 4:45 बजे कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में हुआ। रोज की तरह आसपास के ग्रामीण इलाकों की कुछ महिलाएं और अन्य लोग स्टॉकयार्ड में पड़े रिजेक्ट कोयले को बीनने के लिए पहुंचे थे ताकि उसका इस्तेमाल घरेलू जलावन के रूप में किया जा सके। लोग जब कोयला चुनने में व्यस्त थे, तभी अचानक ऊपर जमा कोयले का एक विशाल और भारी पहाड़ जैसी डेर अचानक ढह गई। मलबे के भारी बोझ के नीचे कुल छह महिलाएं और एक पुरुष बुरी तरह दब गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

सीसीएल अस्पताल ले जाने के दौरान तीन महिलाओं ने तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीण तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला गया और तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए नजदीकी सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान कौशल्या देवी, पुष्पा देवी और सोहरी देवी के रूप में हुई है, जो सभी कथारा क्षेत्र की बांध बस्ती की रहने वाली थीं। इस दुर्घटना में घायल हुए अन्य चार लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

बेरमो एसडीपीओ और पुलिस प्रशासन मौके पर, मामले की जांच शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए बेरमो के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) रवींद्र सिंह और स्थानीय थाने की पुलिस तुरंत दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तीनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीसीएल प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर किस परिस्थितियों में कोयले का यह ढेर अचानक गिरा। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि ये ग्रामीण अनधिकृत रूप से स्टॉकयार्ड में कोयला चुनने गए थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक परिवारों के घरों में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

22
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *