विधायक वजीरगंज ने अपने आवास पर स्थापित कराया सौर ऊर्जा संयंत्र, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को दिया बढ़ावा

Live News 24x7
4 Min Read
गया। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को प्रोत्साहित करने तथा आम नागरिकों को स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से वजीरगंज के माननीय विधायक  विरेंद्र सिंह ने अपने मानपुर, गयाजी स्थित आवास पर योजना के तहत 11 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना कराई है। इस अवसर पर विधायक  विरेंद्र सिंह ने वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र सहित गयाजी जिले के सभी सम्मानित नागरिकों से अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सौर ऊर्जा की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली बिल में बचत की जा सकती है। इसके साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
     उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए प्रत्येक नागरिक को जागरूक होना चाहिए। उन्होंने स्वयं अपने आवास पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराकर लोगों को इस दिशा में आगे आने का संदेश दिया है।
योजना के तहत मिल सकता है केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी का लाभ
   पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को निर्धारित दिशा-निर्देशों, नियमों एवं शर्तों के अनुसार केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकार की ओर से भी सब्सिडी का लाभ मिल सकता है। योजना की पात्रता, अनुदान की राशि एवं आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक पोर्टल pmsuryaghar.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, उपभोक्ता अपने संबंधित विद्युत विभाग के कार्यालयों से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
गयाजी विद्युत सर्किल में योजना की प्रगति
गयाजी विद्युत सर्किल के अंतर्गत पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक कुल 3,687 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1,295 घरों में सौर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। यह प्रगति जिले में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार और घरेलू स्तर पर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर विद्युत अधीक्षण अभियंता, गयाजी संदीप प्रकाश ने भी सभी सरकारी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे आगे आकर अपने-अपने आवासों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराएं। उन्होंने कहा कि सरकारी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की पहल से आम नागरिकों को भी इस योजना को अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी और समाज में स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।इस  कार्यक्रम में  संदीप प्रकाश, विद्युत अधीक्षण अभियंता, गयाजी;  अजय कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मानपुर;  कौशल कुमार, कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे हैं।
जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग की अपील
जिले के सभी पात्र घरेलू उपभोक्ता पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठाएं तथा स्वच्छ, सस्ती एवं पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा को अपनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
27
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *