गया : पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 को लेकर गया जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। देश-विदेश से लाखों की संख्या में आने वाले तीर्थयात्रियों एवं पिंडदानियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आज जिला पदाधिकारी श्री शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार ने गया जंक्शन का व्यापक निरीक्षण किया है।
इस निरीक्षण के दौरान डीएम-एसएसपी ने स्टेशन के बाहरी परिसर से लेकर प्लेटफार्म नंबर 1 से 7 तक, सभी फुट ओवरब्रिज, यात्री प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम, आरक्षण काउंटर, पार्सल एरिया, जीआरपी थाना क्षेत्र सहित पूरे स्टेशन परिसर का पैदल भ्रमण किया है।
क्या-क्या देखा
– सभी प्लेटफार्मों पर पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था
– फुट ओवरब्रिज पर भीड़ का दबाव और आवागमन की दिशा
– पब्लिक एड्रेस सिस्टम से अनाउंसमेंट की गुणवत्ता
– दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड, हेल्प डेस्क, पूछताछ काउंटर
– बाहरी परिसर में ऑटो, ई-रिक्शा, टोटो स्टैंड और पार्किंग व्यवस्था
डीएम के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मेला अवधि में सामान्य दिनों से 5 गुना अधिक भीड़ होगी। किसी भी यात्री को जानकारी के लिए भटकना न पड़े। हर प्लेटफार्म पर बड़े-बड़े साइनेज, हिंदी-अंग्रेजी में सूचना बोर्ड, हेल्पलाइन नंबर चस्पा किए जाएं। प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए जाएं। एफओबी पर जाम न लगे इसके लिए बैरिकेडिंग की जाए। सभी शौचालयों की 24 घंटे सफाई और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
एसएसपी के निर्देश
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि जंक्शन परिसर में आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम तैनात रहेगी। सीसीटीवी से लगातार निगरानी होगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। किसी भी तरह की अफवाह, चोरी, छिनतई या अव्यवस्था पर तुरंत कार्रवाई होगी। रेलवे स्टेशन के बाहर ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी ताकि ऑटो-टोटो की मनमानी और अवैध पार्किंग से जाम न लगे।
इस मौके पर आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह, डीडीयू मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक, स्टेशन अधीक्षक, नगर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे हैं।
अंत में डीएम ने कहा कि पितृपक्ष मेला गया की आत्मा है, हर तीर्थयात्री यहां से अच्छा अनुभव लेकर जाए, यही हमारी प्राथमिकता है।
18