पटना। पंजाब सरकार के कैबिनेट एवं PWD मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के बिहार की राजधानी पटना आगमन पर होटल मौर्या में उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार रहे विनय कुमार सिंह एवं उनके सहयोगियों ने मंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
होटल मौर्या पहुंचने पर विनय कुमार सिंह, अरुण सिंह एवं अन्य सहयोगियों ने हरभजन सिंह ईटीओ का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान बिहार की पारंपरिक अतिथि-सत्कार की झलक भी देखने को मिली।
मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के सम्मान में विशेष रात्रिभोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग शामिल हुए। रात्रिभोज के दौरान पंजाब और बिहार के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों के साथ-साथ विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक चर्चा हुई।
इस अवसर पर विनय कुमार सिंह ने कहा कि बिहार और पंजाब के बीच ऐतिहासिक एवं आत्मीय संबंध रहे हैं। दोनों राज्यों की अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है और आपसी संवाद से इन संबंधों को और मजबूत किया जा सकता है।
वहीं, मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बिहार की धरती पर मिले स्नेह, सम्मान और पारंपरिक आतिथ्य के लिए विनय सिंह एवं उनके सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार आकर उन्हें जिस आत्मीयता का अनुभव हुआ, वह हमेशा यादगार रहेगा।
पूरे कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता, सौहार्द और आपसी सम्मान से भरा रहा। पटना में हुआ यह स्वागत समारोह बिहार और पंजाब के बीच सामाजिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों की मजबूती का एक खूबसूरत उदाहरण बनकर सामने आया।
14