केन्द्रीय कारा, मोतिहारी का जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने किया विस्तृत निरीक्षण

Live News 24x7
3 Min Read
मोतिहारी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के सचिव नितिन त्रिपाठी ने आज मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, मोतिहारी श्री पुनीत कुमार तिवारी एवं किशोर न्याय बोर्ड, मोतिहारी के प्रधान दंडाधिकारी श्री ओम प्रकाश के साथ केन्द्रीय कारा, मोतिहारी का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कारा की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, कैदियों की स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं तथा विधिक सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। कारा में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन का निरीक्षण करते हुए भोजन की गुणवत्ता एवं पौष्टिकता में और सुधार किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। साथ ही कारा परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
सचिव नितिन त्रिपाठी ने कारा में संचालित विधिक सहायता क्लिनिक का भी निरीक्षण किया तथा निर्देश दिया कि विधिक सहायता प्राप्त करने वाले बंदियों के लिए एक विशेष एवं पृथक केबिन की व्यवस्था की जाए, ताकि बंदी बिना किसी संकोच के अपनी कानूनी समस्याओं पर विधिक सहायता प्राप्त कर सकें। बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके अधिकारों तथा उपलब्ध कानूनी उपायों की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुरुष एवं महिला बंदियों के साथ-साथ विदेशी बंदियों से भी संवाद किया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उनकी समस्याओं के त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
बंदियों के मनोरंजन एवं सूचना के माध्यम के रूप में ‘रेडियो दोस्ती’ का नियमित रूप से उपयोग जारी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही कारा में स्थापित ई-कियोस्क को शीघ्र कार्यशील एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि बंदियों को उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं एवं आवश्यक सूचनाओं का लाभ मिल सके।
कारा में बंदियों की बढ़ती संख्या एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त वार्डों के निर्माण की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। कारा परिसर में बेहतर स्वच्छता एवं स्वास्थ्यकर वातावरण बनाए रखने के लिए नियमित फॉगिंग एवं सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त मुलाकाती हेल्पडेस्क क्षेत्र की साफ-सफाई एवं व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारा प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों के मानवीय गरिमा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं विधिक अधिकारों का समुचित संरक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा कारा में उपलब्ध सभी आवश्यक सुविधाओं की नियमित समीक्षा करते हुए उनमें निरंतर सुधार किया जाए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी द्वारा कारा में बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के कार्य को निरंतर प्रभावी रूप से जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
14
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *